Tuesday, June 16, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessशेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 544 अंक उछला, जानें...

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 544 अंक उछला, जानें किन स्टॉक्स में रहा फायदा और नुकसान ?

Stock Market Highlights: घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स 544 अंक बढ़कर 76,808.48 पर और निफ्टी 135 अंक चढ़कर 23,989.15 पर बंद हुआ। पिछले तीन सत्रों में सेंसेक्स लगभग 2,976 अंक और निफ्टी 827 अंक से अधिक मजबूत हुआ है।

Stock Market Highlights: घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी का सिलसिला जारी रहा। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और विदेशी निवेशकों की खरीदारी के दम पर बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ. बीएसई सेंसेक्स 544 अंक चढ़कर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 24,000 के करीब पहुंच गया.

बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक BSE Sensex 544.15 अंक यानी 0.71 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,808.48 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 76,846.74 अंक के उच्च स्तर तक पहुंच गया था. वहीं Nifty 50 135.25 अंक यानी 0.57 प्रतिशत बढ़कर 23,989.15 अंक पर बंद हुआ. दिन के दौरान निफ्टी ने 24,002.60 अंक का स्तर भी छुआ.

तीन दिनों में बाजार ने मारी लंबी छलांग

पिछले तीन कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स करीब 2,976 अंक यानी लगभग 4 प्रतिशत चढ़ चुका है. इसी अवधि में निफ्टी में 827.55 अंकों से अधिक यानी 3.57 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है. विशेषज्ञों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) के फिर से खरीदार बनने और वैश्विक स्तर पर जोखिम लेने की बढ़ती प्रवृत्ति ने बाजार को मजबूती दी है.

इन शेयरों में फायदा और नुकसान

सेंसेक्स की कंपनियों में सबसे अधिक लाभ HCL Technologies के शेयरों में देखने को मिला, जो 3.59 प्रतिशत चढ़े. इसके अलावा बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और बजाज फाइनेंस के शेयर भी लाभ के साथ बंद हुए. दूसरी तरफ, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी और टाटा स्टील के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।

कच्चे तेल में गिरावट से मिला सहारा

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने तथा संभावित समझौते की खबरों के बाद वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी बनी हुई है. अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड लगभग 2 प्रतिशत गिरकर 81.45 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार करता दिखाई दिया.

एशियाई और यूरोपीय शेयर बाजारों का हाल

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहे. यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे, जहां नैस्डैक कम्पोजिट 3.07 प्रतिशत, एसएंडपी 500 1.65 प्रतिशत और डाउ जोन्स 0.92 प्रतिशत चढ़े.

ये भी पढ़ें: सवाईमाधोपुर में किसानों ने दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर लगाया जाम, समझाइश में जुटा पुलिस प्रशासन


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image