Toy Bank Initiative : जयपुर। 3 से 6 वर्ष के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शाला पूर्व शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग के आईसीडीएस निदेशालय ने बुधवार को प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर “खिलौना बैंक”, “प्रवेशोत्सव” और “वृक्षारोपण” कार्यक्रम आयोजित किए। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की शासन सचिव पूनम ने जयपुर स्थित गौतमनगर आंगनबाड़ी केंद्र पर खिलौना बैंक का शुभारम्भ किया।

शासन सचिव ने नव प्रवेश पाने वाले बच्चों का तिलक लगवाकर स्वागत करवाया तथा नव बच्चों को प्रवेश किट दिए। उन्होंने बच्चों के साथ खेल-आधारित गतिविधियों में सहभागिता की। उन्होंने खिलौना बैंक के लिए बच्चों को खिलौने भेंट किए और बच्चों के साथ बैठकर पेंटिंग बनवाई। उन्होंने बच्चों को पेंटिंग किट और टॉफी-चॉकलेट भी वितरित किये और आत्मीय संवाद स्थापित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

शासन सचिव पूनम ने इस दौरान नव प्रवेश वाले बच्चों के आंगनबाड़ी केंद्र पर उपस्थित अभिभावक से भी बातचीत की और उन्हें बच्चों के अच्छे भविष्य निर्माण हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र परिसर में पौधारोपण भी किया। शासन सचिव ने प्रवेशोत्सव के अवसर पर नवप्रवेशित बच्चों का स्वागत कर उन्हें आनंददायक, सुरक्षित एवं खेल-आधारित वातावरण उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।
इस दौरान वहां उपस्थित अतिरिक्त निदेशक (शिशु) डॉ. प्रीति पंवार ने भी बच्चों को खिलौने भेंट किये और वृक्षारोपण किया। उल्लेखनीय है कि अभियान के तहत प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आज बुधवार को “खिलौना बैंक” स्थापित किए गए हैं। वहीं प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर “प्रवेशोत्सव” मनाया गया जिसमें 3-6 आयुवर्ग के छूटे हुए बच्चों का आंगनबाड़ी में पंजीकरण किया गया। कार्यक्रम प्रदेशभर में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पंचायती राज प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाएँ, अभिभावक व बच्चों की उपस्थिति में आयोजित हुए। खिलौना भेंटकर्ताओं को विभाग की ओर से “धन्यवाद-पत्र” प्रदान किया गया। कार्यक्रम के उपरान्त केंद्रों व आसपास वृक्षारोपण किया गया।



