Monday, June 29, 2026
HomeLatest NewsLA Olympics 2028 : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने किया क्वालीफाई, पुरुष...

LA Olympics 2028 : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने किया क्वालीफाई, पुरुष टीम के सामने सीधी एंट्री की चुनौती

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप में एशिया की शीर्ष टीम रहते हुए 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया। वहीं पुरुष टीम को सीधा स्थान पाने के लिए 31 दिसंबर 2026 तक एशिया की शीर्ष रैंकिंग वाली टीम बनना होगा। क्रिकेट 100 साल बाद ओलंपिक में लौट रहा है।

LA Olympics 2028 : नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड में खेले जा रहे टी20 विश्व कप में एशिया की शीर्ष टीम रहते हुए 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वहीं भारतीय पुरुष टीम को सीधे ओलंपिक टिकट हासिल करने के लिए वर्ष 2026 के अंत तक एशिया की शीर्ष टी20 रैंकिंग वाली टीम बनना होगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोमवार को क्वालीफिकेशन मानदंडों की घोषणा की । क्रिकेट ओलंपिक में सौ साल बाद लौट रहा है और पुरूष तथा महिला वर्गों में छह छह टीमें भाग लेंगी ।

ओलंपिक के लिए इन टीमों ने किया क्वालीफाई

आईसीसी ने कहा, ऑस्ट्रेलिया, ग्रेट ब्रिटेन (इंग्लैंड), भारत और दक्षिण अफ्रीका ने चल रहे आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में क्रमश: ओशियाना, यूरोप, एशिया और अफ्रीका से शीर्ष रैंकिंग वाली टीम के तौर पर छह टीम वाली महिला स्पर्धा के लिए क्वालीफाई किया है। आईसीसी ने कहा, मौजूदा वनडे विश्व चैंपियन भारत का भले ही टी20 विश्वड कप का सफर उम्मीद से जल्दी खत्म हो गया लेकिन उसने एशिया का कोटा हासिल किया। भारतीय टीम रविवार को अपने आखिरी ग्रुप मैच में ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाई थी।

आईसीसी ने कहा, यह टीम किसी एक आईओसी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (एनओसी) के बजाय कई कैरेबियाई देशों का प्रतिनिधित्व करती है इसलिए यह सीधे ओलंपिक खेलों में हिस्सा नहीं ले सकती। वहीं पुरुषों के लिए अलग-अलग महाद्वीपों से चार कोटा स्थान रैंकिंग से तय होंगे। आईसीसी ने कहा, आईसीसी पुरूष टी20 टीम रैंकिंग में महाद्वीपों के आधार पर सबसे ऊंची रैंकिंग वाली राष्ट्रीय ओलंपिक समिति को ये चार कोटा स्थान आवंटित किये जायेंगे। कट आफ की तारीख 31 दिसंबर 2026 रखी गई है।

पुरुष टीम को रैंकिंग से मिलेगा ओलंपिक टिकट

मेजबान अमेरिका को पुरुष और महिला वर्ग में एक कोटा मिलेगा क्योंकि क्वालीफिकेशन अवधि के दौरान उसने रैंकिंग में 15 या उससे बेहतर स्थान पर रहने के आईसीसी के मानदंडों को पूरा किया है। ‘फाइनल ओलंपिक ग्लोबल क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट’ महिला और पुरूष वर्ग में अलग से आयोजित किया जायेगा जिसकी तारीखें बाद में तय होंगी। रैंकिंग के आधार पर क्वालीफाई नहीं कर सकी लेकिन पात्रता रखने वाली अगली आठ शीर्ष रैंकिंग वाली टीमें महिला और पुरूष वर्ग में एक स्थान के लिये मुकाबला करेंगी। अगर वेस्टइंडीज उन आठ टीमों में शामिल होती है जिन्होंने अभी तक क्वालीफाई नहीं किया है, तो आईसीसी एक ‘वेस्टइंडीज नेशंस रीजनल टूर्नामेंट’ आयोजित करेगा। इससे यह तय होगा कि फाइनल क्वालीफायर में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कौन सी एनओसी करेगी।

फाइनल क्वालीफायर में महाद्वीपीय प्रतिनिधित्च की कोई अधिकतम सीमा नहीं होगी। आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि क्वालीफिकेशन प्रक्रिया की घोषणा एक अहम पड़ाव है क्योंकि यह खेल एक सदी बाद ओलंपिक में वापसी कर रहा है और यह क्रिकेट खेलने वाले देशों के लिए दुनिया के सामने खेल को दिखाने का एक शानदार मौका होगा। शाह ने कहा, ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी हमारे खेल के लिए एक ऐतिहासिक पल है और दुनिया के सामने क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का एक जबरदस्त मौका है। इस क्वालीफिकेशन प्रक्रिया की पुष्टि लॉस एंजिलिस 2028 की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे दुनिया भर के सदस्यों को ओलंपिक मंच तक पहुंचने का एक साफ और रोमांचक रास्ता मिलता है। ’’ उन्होंने कहा, ओलंपिक खेल बहु स्पर्धा खेलों का शिखर हैं और लॉस एंजिलिस 2028 में क्रिकेट को शामिल करने से हर क्षेत्र के खिलाड़ियों और प्रशंसकों को प्रेरणा मिलेगी। यह एक ऐतिहासिक पल है और हमारे सदस्यों के लिए एक बड़ा मौका है क्योंकि हम खेल को आगे बढ़ा रहे हैं और इसे दुनिया भर में नए दर्शकों तक पहुंचा रहे हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image