पुणे: महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल के माता-पिता पहली बार मीडिया के सामने आए और अपनी बेटी के दोषी होने पर उसके लिए भी कड़ी से कड़ी सजा की मांग की। उनके बयान ने इस मामले को एक नया भावनात्मक मोड़ दे दिया है।सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि केतन सिर्फ उनके होने वाले दामाद नहीं थे, बल्कि बेटे जैसे थे। उन्होंने कहा कि यदि उनकी बेटी इस हत्या की दोषी साबित होती है तो उसे भी उसी जगह से नीचे फेंक देना चाहिए, जहां से केतन को धक्का दिया गया था। सिया के पिता प्रवीण गोयल ने भी यही बात दोहराते हुए कहा कि वे केतन को अपने बेटे की तरह मानते थे और उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
परिवार ने यह भी दावा किया कि उन्हें सिया और कथित प्रेमी चेतन चौधरी के रिश्ते की कोई जानकारी नहीं थी। उनका कहना है कि सगाई के बाद सिया केवल केतन से ही बातचीत करती थी और चेतन कभी उनके घर नहीं आया।पुलिस जांच के अनुसार, सिया ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। हालांकि, उसके सभी दावों की सत्यता की जांच अभी जारी है और इस संबंध में अंतिम निर्णय अदालत द्वारा साक्ष्यों के आधार पर लिया जाएगा।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले से केतन अग्रवाल को कथित रूप से धक्का देकर उसकी हत्या की गई। पुलिस का यह भी दावा है कि इससे पहले भी उस पर हमले की कोशिश की गई थी। फिलहाल सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी न्यायिक प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं और मामले की जांच जारी है।



