Pappu Yadav On Kangana Ranaut: निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सांसद कंगना रनौत की कथित विवादित टिप्पणी पर संज्ञान लेने की मांग की है. उन्होंने आग्रह किया है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए और जरूरत पड़ने पर इस मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजा जाए.
पप्पू यादव ने पत्र में क्या लिखा
बिहार के पूर्णिया से लोकसभा सदस्य पप्पू यादव ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत ने 28 जुलाई को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक सार्वजनिक पोस्ट शेयर की. जिसमें उन्होंने देश की युवतियों, विशेषकर नीट पेपर लीक के विरोध में आंदोलनरत छात्राओं के बारे में अत्यंत आपत्तिजनक एवं गरिमाहीन टिप्पणी की.
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सांसद ने अपनी पोस्ट में युवा महिलाओं के लिए गटर जनरेशन जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया तथा उन पर नशा करने, मदिरापान करने और कई व्यक्तियों के साथ शारीरिक संबंध बनाने को स्वतंत्रता का पर्याय मानने का आरोप लगाया.
महिलाओं के आत्मसम्मान पर हमले का लगाया आरोप
पप्पू यादव ने अपने पत्र में कहा, ‘भाजपा सांसद का यह बयान देश की महिलाओं के आत्मसम्मान पर सीधा प्रहार होने के साथ-साथ एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि की गरिमा और लोकसभा सदस्य पद की मर्यादा के भी प्रतिकूल है.’ उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जनप्रतिनिधियों से संयम, शालीनता और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप आचरण की अपेक्षा की जाती है, लेकिन संबंधित टिप्पणी से यह अपेक्षा भंग हुई है तथा महिलाओं के प्रति पूर्वाग्रहों को बढ़ावा मिला है.
कंगना रनौत के खिलाफ कार्रवाई की मांग
निर्दलीय सांसद ने यह भी कहा कि इस टिप्पणी को लेकर देशभर में सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर व्यापक आलोचना हो रही है, जिससे लोकसभा की गरिमा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है. उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए कंगना रनौत से स्पष्टीकरण तलब किया जाए तथा नियमानुसार उचित कार्रवाई करते हुए आवश्यकता पड़ने पर प्रकरण को विशेषाधिकार समिति के पास भेजा जाए.
ये भी पढ़ें: राजस्थान में एल नीनो की संभावित चुनौती को लेकर बैठक, मुख्य सचिव ने दिए व्यापक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश



