Kangana Ranaut Fake Comment Controversy : मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) अपने बेबाक और निर्भीक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। वह सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों को करारा जवाब देने में कभी पीछे नहीं रहतीं। हाल ही में एक मीम पेज ने उनके नाम से राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को लेकर एक बेहद आपत्तिजनक और फर्जी पोस्ट शेयर कर दी। इस पर कंगना ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए न केवल इस दावे का खंडन किया, बल्कि पूरे मामले को गंभीरता से उठाया। उन्होंने साफ कहा कि उनके नाम का गलत इस्तेमाल कर फर्जी बयान फैलाना न केवल गलत है, बल्कि यह राजनीतिक विमर्श के स्तर को भी गिराता है। साथ ही, उन्होंने राजनीति में महिलाओं के सम्मान और गरिमा को लेकर भी सवाल खड़े किए।

कंगना रनौत भड़की
बता दें कि एक मीम पेज ने कंगना के नाम से एक कथित कमेंट शेयर किया, जिसमें दावा किया गया कि उन्होंने राहुल गांधी को लेकर कहा, अगर राहुल गांधी भाजपा में शामिल होते हैं, तो मैं उनसे शादी करने को तैयार हूं। जैसे ही यह पोस्ट कंगना की नजर में आई, उन्होंने तुरंत अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इसे रीशेयर करते हुए फर्जी दावे की पोल खोल दी। कंगना ने इस पोस्ट को “बेहद घटिया” बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने लिखा कि इस तरह की झूठी खबरें न सिर्फ भ्रामक हैं, बल्कि राजनीति में महिलाओं की गरिमा को भी ठेस पहुंचाती हैं। कंगना ने ऐसे कंटेंट फैलाने वालों को फटकार लगाते हुए कहा कि उन्हें अपनी इन हरकतों पर शर्म आनी चाहिए।
‘क्वीन’ के सीक्वल की तैयारी और व्यस्त शेड्यूल
अगर उनके वर्क फ्रंट की बात करें तो अपने राजनीतिक करियर के साथ-साथ कंगना एक्टिंग के मोर्चे पर भी काफी एक्टिव हैं। इन दिनों वह अपनी सुपरहिट फिल्म ‘क्वीन’ के सीक्वल पर काम कर रही हैं। फिल्म के डायरेक्टर विकास बहल ने इसके लिए तीन महीने का एक बहुत ही टाइट शेड्यूल तैयार किया है।



