Thursday, June 18, 2026
HomeIndiaजयपुर के राजेंद्र भास्कर बने आयरनमैन, फ्रांस में 226 किमी की चुनौती...

जयपुर के राजेंद्र भास्कर बने आयरनमैन, फ्रांस में 226 किमी की चुनौती पूरी कर रचा इतिहास

जयपुर: राजस्थान के ट्रायथलीट राजेंद्र भास्कर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए फ्रांस में आयोजित प्रतिष्ठित आयरनमैन प्रतियोगिता सफलतापूर्वक पूरी की है। जयपुर निवासी राजेंद्र ने दुनिया की सबसे कठिन एंड्योरेंस स्पर्धाओं में गिनी जाने वाली इस चुनौती को 10 घंटे 6 मिनट 31 सेकंड में पूरा कर आयरनमैन का खिताब अपने नाम किया।

फ्रांस के टूर्स मेट्रोपोल लॉयर वैली में आयोजित इस प्रतियोगिता में 90 देशों के हजारों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के तहत खिलाड़ियों को कुल 226 किलोमीटर की दूरी तीन अलग-अलग चरणों में तय करनी होती है। इसमें 3.8 किलोमीटर तैराकी, 180 किलोमीटर साइकिलिंग और 42.2 किलोमीटर मैराथन दौड़ शामिल है।

राजेंद्र ने तैराकी का चरण 1 घंटा 27 मिनट 55 सेकंड, साइकिलिंग 5 घंटे 18 सेकंड और मैराथन 3 घंटे 26 मिनट 53 सेकंड में पूरी की। उनका कुल समय भारतीय ट्रायथलॉन समुदाय के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

दुनिया की सबसे कठिन खेल चुनौतियों में शामिल

आयरनमैन प्रतियोगिता को दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण एकदिवसीय खेल स्पर्धाओं में गिना जाता है। इसमें खिलाड़ियों को बिना रुके तीन अलग-अलग खेलों की लंबी दूरी तय करनी होती है। इस प्रतियोगिता में सफलता के लिए वर्षों की तैयारी, मानसिक मजबूती, अनुशासन और असाधारण फिटनेस की जरूरत होती है।

IIT से आयरनमैन तक का सफर

राजेंद्र भास्कर ने आईआईटी मुंबई से एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग में बीटेक और एमटेक की पढ़ाई की है। वर्तमान में वे हेल्थ-टेक क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। तकनीकी क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए भी उन्होंने फिटनेस और एंड्योरेंस स्पोर्ट्स को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया और लगातार मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया।

पहले भी दर्ज करा चुके हैं पहचान

राजेंद्र इससे पहले तुर्की में आयोजित आयरनमैन 70.3 प्रतियोगिता में राजस्थान के सबसे तेज हाफ आयरनमैन बनने का गौरव हासिल कर चुके हैं। वे राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और चेन्नई ट्रायथलॉन के विजेता भी रह चुके हैं।

खेल के अलावा वे पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी सक्रिय हैं। सोलर साइकिल के जरिए हजारों किलोमीटर की यात्रा कर वे स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण जागरूकता का संदेश दे चुके हैं।

अब उनका अगला लक्ष्य आयरनमैन प्रतियोगिता को 10 घंटे से कम समय में पूरा करना है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image