जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव 2026 के दूसरे चरण के तहत बीते 11 सितंबर को हुए मतदान के बाद अब जयपुर से एक बड़ी चुनावी खबर सामने आई है। राजधानी जयपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 62 स्थित भाग संख्या 23 पर फर्जीवाड़े और अनियमतताओं की शिकायत के बाद आज (13 सितंबर) फिर से मतदान (री-पोलिंग) कराया जा रहा है।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, सांगानेर के टीला वाला स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के कमरा नंबर 4 में बने मतदान केंद्र पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। सुबह से ही मतदाता केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
यह खबर भी पढ़ें:-आईपीएस पति का विवाद अब थाने पहुंचा, लव मैरिज के 10 साल बाद बंद मिले ससुराल के दरवाजे!
क्यों रद्द करना पड़ा 11 सितंबर का मतदान?
दरअसल, 11 सितंबर को हुए चुनाव के दौरान इस बूथ पर बड़ा प्रशासनिक कुप्रबंधन सामने आया था। मतदान सूची की ‘विलोपन सूची’ (हटाए गए नामों की लिस्ट) में शामिल करीब 110 मतदाताओं ने भी वोट डाल दिए थे। मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया और प्रत्याशियों ने फर्जी मतदान के गंभीर आरोप लगाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग ऑफिसर ने मौके पर जांच करवाई। जांच रिपोर्ट के आधार पर निर्वाचन आयोग ने माना कि इस बड़ी लापरवाही से चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हुई है। इसके बाद राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 55 के तहत 11 सितंबर के मतदान को निरस्त करते हुए पुनर्मतदान का फैसला लिया गया।
यह खबर भी पढ़ें:-राजस्थान में फिर बदला मौसम, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं के आसार
इस बार बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर लगेगी अमिट स्याही
पुनर्मतदान को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए आयोग ने विशेष इंतजाम किए हैं:
- स्याही का नया नियम: आमतौर पर वोट डालने पर बाएं हाथ की तर्जनी (इंडेक्स फिंगर) पर स्याही लगाई जाती है, लेकिन आज पुनर्मतदान में धांधली रोकने के लिए मतदाताओं के बाएं हाथ की मध्यमा (बीच वाली अंगुली) पर नाखून से लेकर अंगुली के पहले पोर तक अमिट स्याही लगाई जा रही है।
- पुराने EVM सील: 11 सितंबर को इस्तेमाल किए गए ईवीएम को पूरी तरह सील करके कड़ी सुरक्षा में रखवाया गया है।
- नए सिरे से मतपत्र: पुनर्मतदान के लिए आयोग के निर्देश पर नए सिरे से आवश्यक मतपत्र और निविदत्त (टेंडर) मतपत्र मुद्रित करवाकर बूथ पर उपलब्ध कराए गए हैं।
13 सितंबर को हो रही इस री-पोलिंग के बाद अब सभी की निगाहें 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हुई हैं।



