प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। राजस्थान के कई जिलों में आज बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने इस दौरान कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
दक्षिणी राजस्थान में मौसम का असर ज्यादा रहने की उम्मीद है। उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर और चित्तौड़गढ़ समेत आसपास के इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा नागौर, डीडवाना-कुचामन, सीकर, चूरू, झुंझुनू, जयपुर, अजमेर, ब्यावर, जोधपुर, पाली, सिरोही, भीलवाड़ा, टोंक, बूंदी, कोटा, बारां और झालावाड़ में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे में भी कई जिलों में बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। जयपुर, अजमेर, झुंझुनू, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, डीग, दौसा, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान अलवर के मालाखेड़ा में सर्वाधिक 46 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हालांकि प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा।
आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 12 से 15 सितंबर तक उदयपुर संभाग और आसपास के जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो जोधपुर संभाग में 13 से 16 सितंबर तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं बीकानेर संभाग में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश के आसार हैं। यानी अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहने के बजाय बादल, बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर अलग-अलग इलाकों में देखने को मिल सकता है।



