Friday, October 30, 2026
HomeLatest Newsजयपुर में ट्रैक्टर चोरी का खुलासा, ADCP नॉर्थ आलोक कुमार सिंघल के...

जयपुर में ट्रैक्टर चोरी का खुलासा, ADCP नॉर्थ आलोक कुमार सिंघल के निर्देश पर कार्रवाई…2 आरोपी गिरफ्तार

आमेर से चोरी हुए महिंद्रा ट्रैक्टर-टैंकर को पुलिस ने भीलवाड़ा से बरामद किया। आमेर थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार गोदारा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि करीब 150 CCTV फुटेज खंगालकर 300 किलोमीटर दूर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिए गए।

जयपुर। जयपुर में वाहन चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए आमेर थाना पुलिस ने ट्रैक्टर-टैंकर चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने और लगभग 300 किलोमीटर तक संदिग्ध वाहन का पीछा करने के बाद भीलवाड़ा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया महिंद्रा ट्रैक्टर-टैंकर भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पीयूष खोयर (32), निवासी रामगंज, जयपुर और कैलाश मीणा (41), निवासी आमेर, जयपुर के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ कर अन्य वाहन चोरी की वारदातों और गिरोह से जुड़े संभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

नारदपुरा स्टैंड से चोरी हुआ था ट्रैक्टर-टैंकर

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करन शर्मा ने बताया कि आमेर निवासी अजय वाल्मीकि ने थाने में वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी के अनुसार, 5 और 6 अक्टूबर की मध्यरात्रि अज्ञात व्यक्ति नारदपुरा स्टैंड से उसका लाल रंग का महिंद्रा 475 DI MKM ट्रैक्टर, नंबर RJ 14 RF 7660, टैंकर सहित चोरी कर कुंडा की ओर ले गए थे। शिकायत मिलने के बाद आमेर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की।

150 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले

थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार गोदारा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। फुटेज के आधार पर पुलिस ने चोरी किए गए ट्रैक्टर-टैंकर की गतिविधियों और संदिग्धों की लोकेशन का पता लगाया। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वाहन जयपुर से काफी दूर भीलवाड़ा की ओर ले जाया गया है। इसके बाद टीम ने संदिग्धों का पीछा जारी रखा।

300 किलोमीटर दूर भीलवाड़ा में मिले आरोपी

पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जानकारी के आधार पर टीम करीब 300 किलोमीटर दूर भीलवाड़ा के भीमगंज इलाके में पहुंची। वहां भीलवाड़ा पुलिस की सहायता से दो संदिग्ध चोरी के ट्रैक्टर-टैंकर के साथ मिले। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी वाहन को बेचने की फिराक में थे। टीम ने ट्रैक्टर के इंजन और चेसिस नंबर का मिलान किया। जांच में वाहन के आमेर से चोरी होने की पुष्टि हुई।

चोरी का ट्रैक्टर-टैंकर बरामद, पूछताछ जारी

वाहन की पहचान होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का ट्रैक्टर-टैंकर बरामद कर लिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इससे पहले भी वाहन चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं। पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों, चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त और इस तरह की अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच अहम साबित हुई। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य जानकारियां पूछताछ के बाद सामने आने की संभावना है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image