Friday, October 9, 2026
HomeLatest Newsजयपुर में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार...क्रेटा और...

जयपुर में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार…क्रेटा और i20 कार जब्त

पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। चोरी की क्रेटा कार बरामद और रैकी में इस्तेमाल i20 जब्त की गई। डीसीपी साउथ राजर्षि राज के निर्देश पर ये कार्रवाई हुई।

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने सीएसटी और डीएसटी टीम के साथ मिलकर अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो कथित वाहन चोरों और चोरी का वाहन खरीदने के आरोप में एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पत्रकार कॉलोनी इलाके से चोरी की गई हुंडई क्रेटा कार बरामद की गई है। वहीं, वारदात की रैकी में इस्तेमाल की गई आई-20 कार भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से वाहन चोरी की अन्य वारदातों और चोरी की गाड़ियों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।

हरियाणा और अजमेर के तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश कुमार उर्फ काला (28), निवासी आसौदा, जिला झज्जर (हरियाणा); बलराज उर्फ बल्लू (33), निवासी सांपला, जिला रोहतक (हरियाणा); और रिजवान बेग (30), निवासी आदर्श नगर, अजमेर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, योगेश और बलराज पर वाहन चोरी में शामिल होने का आरोप है, जबकि रिजवान बेग को चोरी का वाहन खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

घर के बाहर खड़ी क्रेटा कार हुई थी चोरी

थानाधिकारी कविता यादव के अनुसार, चूरू निवासी और वर्तमान में पत्रकार कॉलोनी में किराए पर रहने वाली प्रमीला पत्नी मनीष निमीवाल ने 28 सितंबर को वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रमीला ने 27 सितंबर की रात अपनी हुंडई क्रेटा कार नंबर RJ 45 CP 3433 घर के बाहर खड़ी की थी। अगली सुबह कार वहां से गायब मिली। इसके बाद पत्रकार कॉलोनी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

500 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान घटनास्थल से अजमेर रोड तक करीब 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और कैमरों में मिले संदिग्ध वाहनों की गतिविधियों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस के अनुसार, आरोपी हरियाणा नंबर की आई-20 कार से इलाके की रैकी करने आए थे। क्रेटा चोरी करने के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए वाहन को अलग-अलग स्थानों पर घुमाते रहे।

लग्जरी होटलों में रुकते थे आरोपी

जांच में सामने आए पुलिस के दावों के अनुसार, आरोपी आई-20 कार को सुनसान स्थान पर खड़ा कर लग्जरी होटलों में ठहरते थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों को डिटेन कर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पत्रकार कॉलोनी से क्रेटा कार चोरी करने की वारदात स्वीकार की। मामले में अन्य संभावित वारदातों की भी जांच की जा रही है।

भांकरोटा से स्विफ्ट कार चोरी करने की वारदात भी कबूली

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 26 सितंबर की रात भांकरोटा थाना क्षेत्र से मारुति स्विफ्ट कार नंबर RJ 60 CH 9088 चोरी करने की वारदात भी स्वीकार की है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अन्य किन इलाकों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया और चोरी की गाड़ियों को किन लोगों को बेचा गया। पुलिस की जांच में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। चोरी के वाहनों की बरामदगी, अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता और वाहन खरीद-फरोख्त के नेटवर्क को लेकर आगे की जांच जारी है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image