Rajasthan News: महिला DSP के सामने हूटिंग करना 6 युवकों को महंगा पड़ गया. दरअसल, बुधवार देर शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर गोपालपुरा कट के पास परिवहन विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) और पुलिस की संयुक्त टीम लग्जरी स्लीपर बसों की विशेष जांच कर रही थी. इसी दौरान एक तेज रफ्तार ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार युवक पुलिस कार्रवाई के दौरान हूटिंग करते हुए वाहन लहराकर फरार हो गए, इस पर डीएसपी लक्ष्मी सुथार ने तुरंत एक्शन लेते हुए नाकाबंदी करवाकर सभी को पकड़ लिया.
अभियान के दौरान बसों में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों, इमरजेंसी एग्जिट, फायर सेफ्टी उपकरण और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जांच की जा रही थी. इस संयुक्त अभियान में डीएलएसए सचिव नीलम मीणा, परिवहन विभाग के अधिकारी सुनील सैनी, डीएसपी लक्ष्मी सुथार और पुलिस-परिवहन विभाग की टीमें मौजूद थीं. इसी दौरान डीएसपी लक्ष्मी सुथार एक बस की जांच पूरी कर दूसरी बस की ओर जा रही थीं. तभी तेज रफ्तार से आ रही एक ब्लैक स्कॉर्पियो ट्रेलर को ओवरटेक करते हुए उनके बेहद करीब से गुजरी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन में तेज आवाज में म्यूजिक बज रहा था और उसमें 6 युवक सवार थे. युवकों ने पुलिस को देखकर हूटिंग की, स्कॉर्पियो को लहराते हुए तेज गति से आगे बढ़ा दिया और मौके से फरार हो गए.
नाकाबंदी कराकर युवकों को दबोचा
घटना को गंभीरता से लेते हुए DSP लक्ष्मी सुथार ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी और संबंधित थाना पुलिस को वाहन रोकने के निर्देश दिए. सूचना मिलते ही पनियाला थाना और बहरोड़ सदर थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर नाकाबंदी कर दी. कुछ ही देर बाद वही ब्लैक स्कॉर्पियो बहरोड़ सदर थाना क्षेत्र में दिखाई दी, जहां थाना प्रभारी मनोहर मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन को रोक लिया. पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर उसमें सवार सभी छह युवकों को पकड़ लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई. जांच में सामने आया है कि सभी युवक दिल्ली से खाटूश्यामजी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे.
पुलिस कर रही मामले की जांच
बहरोड़ सदर थाना पुलिस का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि युवकों ने पुलिस कार्रवाई के दौरान हूटिंग क्यों की और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन क्यों चलाया. फिलहाल सभी युवकों से पूछताछ जारी है और मामले की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: GST विभाग का बड़ा एक्शन! 35 करोड़ की टैक्स चोरी के शक में कई फर्मों के ठिकाने पर छापेमारी



