Rajita Sabineni Murder Case : नई दिल्ली। अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य के बेलेव्यू शहर में अपनी पत्नी की कथित हत्या के मामले में भारतीय मूल के 30 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर अविनाश नार्ने को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, लगभग नौ महीने पहले हुई इस घटना में नार्ने पर अपनी 27 वर्षीय पत्नी राजिता सबिनेनी का गला घोंटकर हत्या करने और बाद में सबूतों के साथ छेड़छाड़ कर जांच को गुमराह करने का आरोप है। यह घटना 27 अक्टूबर 2025 की है। उस दिन अविनाश नार्ने ने पुलिस को फोन कर बताया कि उनकी पत्नी बाथरूम में बंद हैं और काफी देर से बाहर नहीं आ रही हैं।

दम घुटने से हुई थी राजिता की मौत
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। वहां राजिता सबिनेनी फर्श पर बेसुध पड़ी मिलीं। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक पूछताछ में नार्ने ने दावा किया कि वह किसी काम से करीब 40 मिनट के लिए घर से बाहर गया था। लौटने पर उसने पत्नी को बाथरूम में बंद पाया। हालांकि, पुलिस जांच में उसके बयान पर कई सवाल खड़े हो गए। अधिकारियों को इस दौरान अपार्टमेंट में किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश का कोई सबूत नहीं मिला। अगले ही दिन किंग काउंटी मेडिकल एग्जामिनर कार्यालय ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि राजिता की मौत गला घोंटने से दम घुटने के कारण हुई और इसे हत्या का मामला घोषित किया गया।
गर्लफ्रेंड को भेजी थी लाश की फोटो
जांच के दौरान पुलिस को एक और अहम जानकारी मिली। अधिकारियों के अनुसार, अविनाश नार्ने का भारत में रहने वाली एक महिला के साथ कई वर्षों से कथित गुप्त प्रेम संबंध था। इसी दौरान उसकी शादी 5 जून 2025 को राजिता सबिनेनी से हुई थी। पुलिस का दावा है कि नार्ने की कथित प्रेमिका उसकी शादी में भी शामिल हुई थी। जांच में यह भी सामने आया कि घटना वाले दिन नार्ने ने अपनी कथित प्रेमिका को कम से कम चार बार फोन किया। इनमें से एक कॉल उस समय किया गया, जब वह पुलिस को यह बता रहा था कि वह बाथरूम का दरवाजा खोलने की कोशिश कर रहा है। इतना ही नहीं, पुलिस के अनुसार उसने पत्नी के शव की तस्वीर भी अपनी प्रेमिका को भेजी थी।
अधिकारियों को राजिता द्वारा अपने पति को भेजे गए कई टेक्स्ट मैसेज भी मिले हैं। इन संदेशों में उन्होंने शिकायत की थी कि अविनाश द्वारा तैयार किए गए पेय का स्वाद असामान्य रूप से कड़वा था। घटना वाले दिन भेजे गए एक संदेश में राजिता ने लिखा था कि उनके लिए बनाई गई स्मूदी का स्वाद दवा और कफ सिरप जैसा लग रहा है। पुलिस अब मामले के सभी डिजिटल और फोरेंसिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। अभियोजन पक्ष का कहना है कि उपलब्ध सबूतों के आधार पर हत्या और सबूत मिटाने के प्रयास से जुड़े आरोपों में आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



