जयपुर, 10 अगस्त। जयपुर नगर निगम की व्यवस्थाओं और कथित भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को राजधानी में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में ‘हिसाब मांगो’ रैली का आयोजन किया गया। नेहरू प्लेस, टोंक रोड से शुरू हुई रैली जयपुर नगर निगम मुख्यालय पहुंची, जहां कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और शहर की व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, प्रदर्शन में 10 हजार से अधिक लोग शामिल हुए। पार्टी ने इसे जयपुर के राजनीतिक इतिहास का विशाल प्रदर्शन बताते हुए दावा किया कि रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग पहुंचे।
नगर निगम की व्यवस्थाओं पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस ने जयपुर नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार, बढ़ते करों, कचरा कर और पालतू पशुओं पर कर सहित कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। पार्टी ने शहर की टूटी सड़कों, अतिक्रमण, कॉलोनियों में फैली गंदगी, खराब ड्रेनेज और बंद स्ट्रीट लाइट को भी प्रदर्शन का प्रमुख मुद्दा बनाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता से अलग-अलग टैक्स के नाम पर वसूली की जा रही है, लेकिन इसके बदले शहर में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब बनी हुई है।

डोटासरा बोले- BJP की काठ की हांडी अब नहीं चढ़ेगी
रैली को संबोधित करते हुए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने BJP सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जयपुर की जनता बीजेपी के कुशासन से परेशान हो चुकी है। डोटासरा ने कहा कि जनता का यह विशाल हुजूम संकेत दे रहा है कि जयपुर में बीजेपी के खिलाफ माहौल बन चुका है। उन्होंने कहा, “बीजेपी अब जयपुर में हार रही है, बीजेपी की ये काठ की हांडी अबकी बार नहीं चढ़ने वाली।”
टीकाराम जूली बोले- जयपुर करवट बदल रहा है
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि जयपुर करवट बदल रहा है। उन्होंने कहा कि जयपुर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जिस तरह का उत्साह दिखाई दे रहा है, उससे आने वाले समय में बीजेपी के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
जूली ने नगर निगम में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में चोरी और लूटपाट का आलम है और जनता अब इसका जवाब मांग रही है।
सुनील शर्मा ने टैक्स और शहर की बदहाली पर घेरा
जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि शहर की जनता पर लगातार अलग-अलग टैक्स लगाए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद जयपुर में अतिक्रमण, टूटी सड़कें, गंदगी और खराब सीवरेज जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने जयपुर की ऐतिहासिक पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि यदि शहर में इसी तरह अव्यवस्थाएं बनी रहीं तो जयपुर को मिले यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट के दर्जे पर भी असर पड़ सकता है।

अमीन कागजी ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
विधायक अमीन कागजी ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस दमन का सहारा लिया गया। कागजी ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब सरकार डरती है तो पुलिस को आगे किया जाता है। उन्होंने दावा किया कि रैली में उमड़ी भीड़ बीजेपी के खिलाफ जनता के आक्रोश को दिखाती है।
कई कांग्रेस नेता रहे मौजूद
‘हिसाब मांगो’ रैली में पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक रोहित बोहरा, विधायक रफीक खान, पूर्व अध्यक्ष आरआर तिवारी, डॉ. अर्चना शर्मा, पुष्पेंद्र भारद्वाज और विक्रम सिंह शेखावत सहित कई कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में मंजू शर्मा, गोपाल नवरिया, पंडित महेश, विमल यादव, सुशील पारीक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।



