जयपुर में 17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि परिजनों की गैर-मौजूदगी में 27 वर्षीय पड़ोसी युवक जबरन घर में घुसा और नाबालिग को डराने-धमकाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक पीड़िता के घर के पास रहता था और दोनों के बीच पहले से बातचीत थी। आरोप है कि 16 सितंबर को पीड़िता के परिजन किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी को घर में नाबालिग के अकेले होने की जानकारी मिली और वह कथित तौर पर जबरन घर में घुस गया।
पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के चलते नाबालिग ने कुछ समय तक परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी। बाद में उसने अपने परिजनों को पूरी बात बताई।
इसके बाद परिजन नाबालिग को लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाने के साथ उसके बयान दर्ज किए और आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को शनिवार दोपहर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।



