Saturday, May 16, 2026
HomeCrime NewsJaipur Crime News: सिलीगुड़ी से दबोचे 10-10 हजार के दो इनामी बदमाश,...

Jaipur Crime News: सिलीगुड़ी से दबोचे 10-10 हजार के दो इनामी बदमाश, फर्जी कंपनी बनाकर व्यापारियों से की करोड़ों रुपये की ठगी

Jaipur News: जयपुर की बनी पार्क थाना पुलिस ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से 10-10 हजार रुपये के इनामी दो ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी कंपनी बनाकर व्यापारियों से करोड़ों की ठगी की थी।

जयपुर। बनी पार्क थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ठग गिरोह के दो 10-10 हजार रुपए के इनामी आरोपियों को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से गिरफ्तार किया है। दोनों ही आरोपियों ने एक फर्जी कंपनी बनाकर व्यापारियों से करोड़ों रुपये की ठगी की थी। दोनों आरोपी वर्ष 2019 से फरार चल रहे थे और इनके खिलाफ जयपुर शहर सहित अन्य राज्यों में कई प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) हनुमान प्रसाद ने बताया कि बनी पार्क थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय ठगी गिरोह के शातिर ठग विनय उर्फ विजय पोद्दार (अग्रवाल) और विकास उर्फ बिकास पोद्दार (अग्रवाल) को सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) से गिरफ्तार किया। इस मामले में पूर्व में पुलिस 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

फर्जी कंपनियां बनाकर की ठगी

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्यों ने सिपरी,रेनसेल एलेकेन फॉनवी, बी.एम.डब्ल्यू. प्रेशियस मेटल ट्रेड लिंकर आदि नामों से फर्जी कंपनियां बनाकर जयपुर, मुंबई सहित अन्य स्थानों पर कार्यालय खोल कर रेडियोएक्टिव मटेरियल, आर्टिकल-192, दुर्लभ पेंटिंग, मैजिक मिरर, करामाती चश्मा और चमत्कारी माला बेचने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी की। वहीं पीड़ितों को नासा, भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर, डीआरडीओ और रक्षा मंत्रालय के फर्जी दस्तावेज दिखाकर विश्वास में लिया जाता था। केमिकल टेस्टिंग के नाम पर आगर रोड स्थित फार्महाउस पर कथित जांच कराई जाती और बार-बार टेस्ट फेल बताकर करोड़ों रुपए वसूले जाते थे। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 406, 467, 468, 471 और 120-बी आईपीसी सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। कुछ मामलों में चालान पेश हो चुके हैं, जबकि कई प्रकरण लंबित थे और दोनों ही आरोपियों पर दस—दस हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।

26 करोड़ की धोखाधड़ी आई सामने

अब तक दर्ज मामलों में गिरोह द्वारा करीब 26 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी सामने आई है। पुलिस ने गिरोह के फार्महाउस और ठिकानों पर दबिश देकर एंटीक पेंटिंग, कथित करामाती सामग्री और ठगी से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। बैंक खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई भी की गई है। थानाधिकारी मनोज कुमार बेरवाल ने बताया कि बनीपार्क थाने में वर्ष 2019 में हैदराबाद, कोलकाता, इंदौर, दिल्ली, सवाई माधोपुर और जयपुर के व्यापारियों से 5.55 करोड़, 3.09 करोड़, 4.80 करोड़, 8 करोड़, 1.25 करोड़ और 25 लाख रुपए सहित अन्य राशियों की ठगी के प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा सांगानेर, झालूपुरा, दिल्ली और पंजाब में भी मामले दर्ज हैं।

10 सदस्यों को पूर्व में किया जा चुका गिरफ्तार

इस गिरोह के 10 सदस्यों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें अजय सिंह, सत्यनारायण, गणेश इंगोले, अमित गुप्ता, राकेश गोयल, सन्नी जैन, चंद्र सैनी, आशीष गुप्ता, शिवानी गुप्ता और भवानी सिंह शेखावत शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह सुनियोजित तरीके से अंतरराज्यीय नेटवर्क बनाकर लोगों को करोड़ों की ठगी का शिकार बना रहा था। पुलिस ने इन दोनों को तकनीकी विश्लेषण की मदद से सिलीगुड़ी में लोकेट किया और वहां दबिश देकर गिरफ्तार किया। इस मामले की जांच जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular