Iran US War: ईरान ने अमेरिका के हालिया हमले का करारा जवाब दिया है. जिसमें अमेरिका ने मिसाइल लॉन्च साइट और IRGC की नौकाओं को निशाना बनाया था. जिसमें कथित तौर पर 4 सैनिक मारे गए थे. ईरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी सेना के एक MQ-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया है. दोनों पक्षों की तरफ से हालिया हमले ऐसे समय में सामने आए हैं, जब अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में प्रगति की खबरें सामने आ रहीं थी.
ईरानी एयरस्पेस में घुस आया था ड्रोन
ईरानी समाचार एजेंसी मेहर न्यूज ने IRGC के हवाले से बताया कि अमेरिकी ड्रोन कथित तौर पर ईरानी हवाई क्षेत्र में घुस आया था, जिसके बाद उसे निशाना बनाकर गिरा दिया गया. ईरान ने कहा कि अगर अमेरिका सीजफायर का उल्लंघन करता है, तो उसे जवाब देने का पूरा अधिकार है.
अमेरिकी हमले में IRGC के 4 सैनिक मारे गए थे
इससे पहले मंगलवार सुबह US ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में कुछ नौकाओं को निशाना बनाकर हमला किया था. ईरानी मीडिया के अनुसार, इस हमले में IRGC के चार सैनिक मारे गए. अमेरिका ने इन हमलों को आत्मरक्षा में उठाया गया कदम बताया था और कहा था कि उसने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ईरान की मिसाइल लॉन्च साइट्स पर कार्रवाई की.
‘फिर हमला किया तो, जवाब पहले से कहीं ज्यादा व्यापक होगा’
ईरानी सेना के प्रवक्ता अबोलफजल शेखरची ने कहा कि यदि ईरान पर फिर हमला हुआ, तो जवाब पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और सख्त होगा. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ‘अगली बार ईरान की प्रतिक्रिया केवल इस क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगी. यदि युद्ध जैसी स्थिति बनी तो जवाब पहले से अधिक व्यापक और हिंसक होगा. जानकारों का मानना है कि इस ताजा घटनाक्रम से पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ सकता है तथा क्षेत्रीय स्थिरता पर गंभीर असर पड़ सकता है.



