Share Market Update Today : मुंबई। भू-राजनीतिक तनाव, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज समेत प्रमुख शेयरों में मुनाफावसूली, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और एशियाई बाजारों की कमजोरी के चलते घरेलू शेयर बाजार की तेजी थम गई। कारोबार के अंत में सेंसेक्स लगभग स्थिर रहा, जबकि निवेशकों ने पूरे दिन सतर्क रुख अपनाए रखा। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 1.44 अंक की मामूली बढ़त के साथ 77,186.87 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 394.26 अंक चढ़कर 77,579.69 अंक तक चला गया था, लेकिन सत्र के अंत में इसने अपनी पूरी बढ़त गंवा दी।

इन कंपनियों के शेयरों में आई तेजी और गिरावट
वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 5.75 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,072.75 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टेक महिंद्रा प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। दूसरी तरफ, इटर्नल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों में गिरावट रही। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.39 प्रतिशत गिरकर 84.62 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और एशियाई बाजारों में कमजोरी के कारण निवेशक सतर्क रहे, जिससे बाजार सीमित दायरे में रहा।” नायर ने कहा कि अमेरिका में मुद्रास्फीति नरम पड़ने से ब्याज दरों को लेकर चिंताएं कुछ कम हुई हैं, जिससे बाजार को निचले स्तर पर समर्थन मिला। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 6.37 प्रतिशत तक लुढ़क गया। जापान का निक्की और चीन का शंघाई कंपोजिट भी गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त में रहा।
यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 735.83 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। बुधवार को सेंसेक्स 130.49 अंक चढ़कर 77,185.43 अंक पर बंद हुआ था जबकि निफ्टी 26.45 अंक बढ़कर 24,078.50 अंक पर रहा था।



