शामली/सोनीपत। पंजाब के चर्चित गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद अब म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े एक और युवा गायक की सरेराह गोलियों से भूनकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी सिंगर और कलाकार 35 वर्षीय अंकित बालियान की जिम के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े 20 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोगी गैंग के शूटर भोलू शाहपुरिया (निवासी सोनीपत) ने सोशल मीडिया पर इस हत्याकांड की सीधी जिम्मेदारी ली है।
यह खबर भी पढ़ें:-शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के परिवार में मचा बवाल! एक ही सीट से बेटा और भाई आमने-सामने?
हत्या से ठीक पहले सिंगर ने लगाया था मूसेवाला के गाने का स्टेटस
बाबरी थाना क्षेत्र के बंतीखेड़ा निवासी अंकित बालियान बुधवार शाम कोतवाली क्षेत्र के आर्य पूरी स्थित नाला पटरी पर ‘मसल्स जिम’ में वर्कआउट करने आए थे। शाम करीब 6:48 बजे जब वे अपनी स्कॉर्पियो कार में बैठने लगे, तभी दो बाइकों पर आए 4 नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
महज दो मिनट के भीतर बदमाशों ने 20 से ज्यादा गोलियां बरसाईं, जिनमें से 8 गोलियां अंकित को सीधे लगीं। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या से महज कुछ समय पहले ही अंकित ने अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर सिद्धू मूसेवाला का एक चर्चित गाना और अपनी आवाज में एक धमकी भरा डायलॉग शेयर किया था।
यह खबर भी पढ़ें:-स्वाइन फ्लू से पीड़ित कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ICU में भर्ती: डॉक्टर बोले– ‘हालत स्थिर,
सड़क पर शव रखकर रातभर हंगामा, बुलडोजर कार्रवाई की मांग
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी 200 मीटर तक हवाई फायरिंग करते हुए पैदल ही फरार हो गए। जिम में मौजूद एक पुलिसकर्मी ने स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपथ अंकित को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने देर रात वर्मा मार्केट के पास शव को सड़क पर रखकर भीषण जाम लगा दिया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हत्यारों का तुरंत एनकाउंटर किया जाए और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए। एसपी एनपी सिंह के अनुसार, स्थिति को संभालने के लिए 5 थानों की पुलिस तैनात की गई है और चुनावी रंजिश से लेकर म्यूजिक इंडस्ट्री के विवादों तक हर पहलू पर जांच की जा रही है।



