Wednesday, August 19, 2026
HomeLatest Newsगोविंददेवजी मंदिर में बदला दर्शन का समय: 4 सितंबर को जन्माष्टमी, रात...

गोविंददेवजी मंदिर में बदला दर्शन का समय: 4 सितंबर को जन्माष्टमी, रात 12 बजे 31 तोपों की गर्जना

जयपुर के श्री गोविंददेवजी मंदिर में जन्माष्टमी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 4 सितंबर को जन्माष्टमी पर विशेष दर्शन, पंचामृत अभिषेक और रात 12 बजे 31 तोपों की हवाई गर्जना के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव होगा। अभिषेक में 425 लीटर दूध, 365 किलो दही समेत कई सामग्री का इस्तेमाल होगा। 5 सितंबर को नंदोत्सव के साथ भव्य शोभायात्रा निकलेगी। श्रद्धालुओं के लिए दर्शन समय, सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग से जुड़े खास इंतजाम किए गए हैं।

जयपुर। जयपुर के आराध्य देव श्री गोविंददेवजी मंदिर में जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिर प्रशासन ने बुधवार से दर्शन और झांकियों के समय में बदलाव किया है। 3 सितंबर तक अलग-अलग मंडलियों की ओर से रोज संकीर्तन किया जाएगा, जबकि 4 सितंबर को जन्माष्टमी मनाई जाएगी।जन्माष्टमी के दिन मंदिर में विशेष दर्शन व्यवस्था रहेगी। मंगला झांकी सुबह 4:00 से 6:30 बजे, धूप झांकी सुबह 7:00 से 9:00 बजे, श्रृंगार झांकी सुबह 9:30 से 11:15 बजे और राजभोग झांकी सुबह 11:45 से दोपहर 1:15 बजे तक होगी।इसके बाद ग्वाल झांकी शाम 4:00 से 6:30 बजे, संध्या झांकी शाम 6:45 से 8:30 बजे और शयन झांकी रात 9:15 से 10:30 बजे तक रहेगी। इसके बाद रात में जन्मोत्सव से जुड़े विशेष दर्शन होंगे।

रात 12 बजे 31 तोपों की गर्जना

जन्माष्टमी की रात 10 से 11 बजे तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी व्रत कथा का पाठ होगा। रात 12 बजे 31 तोपों की हवाई गर्जना और विशेष आतिशबाजी के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।इसके तुरंत बाद ठाकुर श्रीजी के अभिषेक के विशेष दर्शन होंगे। छह वेदपाठी पंडितों की ओर से वेद पाठ किया जाएगा। इसके बाद शालिग्राम पूजन और पंच द्रव्य पूजन के बाद ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक होगा।

425 लीटर दूध से होगा अभिषेक

जन्माष्टमी के अभिषेक के लिए 425 लीटर दूध, 365 किलो दही, 11 किलो घी, 85 किलो बूरा और 11 किलो शहद सेवा में अर्पित किया जाएगा। अभिषेक के बाद ठाकुर श्रीजी को पंजीरी, लड्डू, खिरसा और रबड़ी कुल्हड़ का विशेष भोग लगाया जाएगा।ठाकुर श्रीजी को नए पीले वस्त्र पहनाए जाएंगे। इसके साथ ही विशेष अलंकार, सिरपेच और फूलों से श्रृंगार किया जाएगा।

5 सितंबर को नंदोत्सव, निकलेगी शोभायात्रा

जन्माष्टमी के अगले दिन 5 सितंबर को नंदोत्सव मनाया जाएगा। इसी दिन शाम 4:30 बजे गोविंददेवजी मंदिर के प्रांगण से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव की शोभायात्रा निकलेगी।शोभायात्रा जलेबी चौक, हवामहल बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, बापू बाजार, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, चांदपोल बाजार और बगरू वालों का रास्ता होते हुए मंदिर श्री गोपीनाथजी पहुंचेगी।

3000 कार्यकर्ता संभालेंगे व्यवस्था

जन्माष्टमी पर दर्शन व्यवस्था के लिए करीब 3000 कार्यकर्ता और 150 स्काउट्स सेवा में रहेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब 13 LED स्क्रीन लगाई गई हैं। सुरक्षा के लिए 8 से 10 मेटल डिटेक्टर और मंदिर परिसर में चिन्हित स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे।मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे बैग, थैला, लेडीज पर्स और कीमती आभूषण लेकर मंदिर न आएं। इसके अलावा फल, मिठाई, नारियल, लैपटॉप और कैमरा भी मंदिर में लेकर नहीं आने की अपील की गई है। जूते-चप्पल और हेलमेट भी बाहर ही रखने होंगे।दर्शनार्थियों के वाहनों के लिए रामनिवास बाग और चौगान स्टेडियम में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भारतीय परिधान में आने की अपील भी की है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image