नेपाल। आज अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचा दी। तेज बहाव के साथ आई पानी और मलबे की लहरों ने कई इमारतों, बाजारों और रिहायशी इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक कम से कम 19 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 350 से अधिक यात्री लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में 105 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
बाढ़ की भयावहता सामने आए कई वीडियो में साफ दिखाई दे रही है। एक वीडियो में लोग जान बचाने के लिए तेजी से भागते नजर आ रहे हैं, जबकि पीछे से पानी और मिट्टी का विशाल सैलाब इमारतों की ओर बढ़ता दिखाई देता है। कुछ ही क्षणों में तेज बहाव के कारण कई ढांचे मलबे में तब्दील होते नजर आते हैं। अचानक आए इस सैलाब ने लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया।
नेपाल-चीन सीमा से लगे तिब्बत के ग्यिरोंग इलाके में भी हालात बेहद गंभीर बताए गए हैं। वहां एक बंदरगाह क्षेत्र के आसपास बाढ़ और मलबे के तेज बहाव से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। सामने आए दृश्यों में लोग पानी की ऊंची लहरों से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिख रहे हैं। बताया गया है कि नेपाल की ओर से आए भूस्खलन और बाढ़ के कारण इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग हताहत और लापता हुए हैं।
बाढ़ के पानी ने कई कारोबारी प्रतिष्ठानों और स्थानीय बाजारों को भी प्रभावित किया है। कई इलाकों में सड़कों और संपर्क मार्गों के क्षतिग्रस्त होने से आवाजाही बाधित हुई है। बड़ी संख्या में यात्रियों के लापता होने के कारण राहत और बचाव अभियान की चुनौती बढ़ गई है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। लापता लोगों की तलाश के साथ-साथ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। लगातार सामने आ रहे तबाही के वीडियो से आपदा की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।



