जयपुर। डूंगरपुर के धंबोला गांव में सीएम भजनलाल शर्मा ने ग्राम विकास रात्रि चौपाल के दौरान कहा कि राज्य सरकार ने रोडमैप बनाकर प्रदेश में पानी, बिजली और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं. उन्होंने कहा कि सिंचाई एवं पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है. वहीं, ऊर्जा उत्पादन में वृद्धि कर 26 जिलों के किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है.
‘9 लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर उतर चुके’
उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान का आयोजन कर 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए, जिनमें से 9 लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर उतर चुके है. जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किसान और युवाओं को विकास के अवसर उपलब्ध करवाएं जा रहे हैं.

भर्ती परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता से आयोजित हो रही: भजनलाल
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ‘हमारी सरकार युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण सुविधा दे रही है. वहीं, 4 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के संकल्प को भी पूरा किया जाएगा. भर्ती परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता से आयोजित हो रही हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विकसित ग्राम वार्ड अभियान के तहत गांवों और शहरों के सर्वांगीण विकास के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है. जिससे स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग कर युवाओं को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करवाएं जाएंगे.
‘प्रोसेसिंग यूनिट्स की स्थापना से हमारा किसान सशक्त बनेगा’
सीएम भजनलाल ने कहा कि स्थानीय उपज के अनुसार प्रोसेसिंग यूनिट्स की स्थापना से हमारा किसान सशक्त बनेगा. उन्होंने कहा कि कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर किसान वर्ग को अतिरिक्त आय के नए अवसर सृजित करने चाहिएं. किसानों को मिट्टी की उत्पादकता बनाए रखने के लिए जैविक खेती अपनानी चाहिए. उन्होंने कहा कि किसानों को केन्द्र व राज्य सरकार की ओर से सम्मान निधि मिल रही है.

उन्होंने कहा कि प्रदेश में डेयरी एवं सहकारिता सेक्टर को मजबूत बनाया जा रहा है. दूध की प्रसंस्करण इकाइयों की क्षमता बढ़ाई जा रही है. नवीन पैक्स खोलकर नए सदस्य जोड़े जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय भाषा सिखाने के लिए महत्वपूर्ण एमओयू किया गया है, प्रदेश के युवा इस अवसर का लाभ उठाएं.
‘जैविक खेती अपनाने के लिए सरकार अनुदान दे रही’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालकों के लिए हमारी सरकार ने मोबाइल वेटरनरी यूनिट की सुविधा उपलब्ध कराई है. जिससे घर बैठे पशुओं का ईलाज संभव हुआ है. मंगला पशु बीमा योजना का लाभ भी दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जैविक खेती अपनाने के लिए भी हमारी सरकार अनुदान दे रही है.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि इटली के रोम में संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एग्रीकोला मेडल से सम्मानित किया गया है. इस सम्मान से हमारे अन्नदाताओं की वैश्विक पहचान मजबूत बनी है. उन्होंने कहा कि विगत 12 वर्षों में प्रधानमंत्री ने कृषि एवं खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में अनेक पहल की हैं.

सीएम भजनलाल ने सौंपे चैक
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में नारायण लाल अहारी को मुख्यमंत्री आयुष्मान दुर्घटना बीमा योजना के तहत 5 लाख रुपये का चैक एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना के तहत चिमन कुमार यादव एवं प्रवीण कुमार रोत को ऋण चैक सौंपा. उन्होंने हेमंत कुमार कलाल एवं राजपाल सिंह झाला को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ऋण चैक सौंपे. पॉली हाउस योजना के तहत प्रवीण अमृतलाल डामोर को 17.27 लाख रुपये के अनुदान की स्वीकृति प्रदान की. साथ ही, फार्म पौंड योजना के तहत बबली को 73 हजार 500 रुपये की अनुदान राशि का चैक प्रदान किया. मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसानों से संवाद भी किया.

कौन-कौन रहा मौजूद ?
इस अवसर पर जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबू लाल खराड़ी, विधायक शंकरलाल डेचा, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण सहित बड़ी संख्या में किसान और युवा उपस्थित रहे.



