नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर भीषण आग की चपेट में है। शाहदरा के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक चार मंजिला इमारत में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। आग इतनी भयानक थी कि कुछ शव पूरी तरह जलकर कंकाल बन गए हैं, जिनकी पहचान अब डीएनए (DNA) टेस्ट के जरिए की जाएगी।
तड़के 4 बजे मची चीख-पुकार, बंद दरवाजे बने मौत का कारण
शाहदरा डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के मुताबिक, आग लगने की सूचना सुबह करीब 4 बजे मिली थी। आग इमारत के करीब 5-6 फ्लैट्स में फैल चुकी थी। स्थानीय भाजपा विधायक संजय गोयल ने बताया कि हादसा संभवतः सुबह 3:45 बजे शुरू हुआ।
हादसे की सबसे दुखद बात यह रही कि कई लोग घबराहट में दरवाजों के लॉक नहीं खोल पाए और अंदर ही फंस गए। दमकल की 10 से ज्यादा गाड़ियों ने मौके पर पहुँचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और बालकनी व खिड़कियों के जरिए करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह खबर भी पढ़ें:-‘मेरा फोकस चिड़िया की आंख पर…’, खाटूश्यामजी में सचिन पायलट ने भरी हुंकार, विरोधियों को दिया बड़ा संदेश
शवों की स्थिति भयावह: सीढ़ियों और फ्लैट्स में मिला मौत का मंजर
पुलिस को तलाशी के दौरान अलग-अलग मंजिलों से शव बरामद हुए हैं।
ग्राउंड फ्लोर: 1 शव मिला।
दूसरी मंजिल: 5 शव बरामद हुए।
सीढ़ियां: 3 शव सीढ़ियों के पास मिले, जहाँ दरवाजा लॉक होने के कारण लोग बाहर नहीं निकल पाए।
विधायक संजय गोयल के अनुसार, शॉर्ट सर्किट को आग का प्राथमिक कारण माना जा रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों का दावा है कि धमाका AC में ब्लास्ट होने की वजह से हुआ था।
गर्मी का कहर: दिल्ली-NCR में आग की हालिया बड़ी घटनाएं
विवेक विहार की यह घटना अकेली नहीं है। पिछले कुछ दिनों में दिल्ली-NCR और आसपास के इलाकों में आग की कई बड़ी वारदातें सामने आई हैं:
गाजियाबाद (29 अप्रैल): गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के एक 15 मंजिला अपार्टमेंट में आग लग गई थी। टावर-डी की 9वीं मंजिल से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते 7 मंजिलों को चपेट में ले लिया। यहां भी AC ब्लास्ट को ही कारण माना गया था।
अलवर एक्सप्रेस-वे (29 अप्रैल): दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक आर्टिगा कार आग का गोला बन गई, जिसमें वैष्णो देवी से लौट रहे एक ही परिवार के 6 लोग जिंदा जल गए।
नोएडा (28 अप्रैल): नोएडा में भी एक घर में AC का मेन स्विच ऑफ न होने के कारण ब्लास्ट हुआ और पूरे घर में आग फैल गई।
यह खबर भी पढ़ें:-Rajasthan Politics: राजस्थान के दिग्गज नेता Babulal Bairwa का निधन, क्षेत्र के ‘अजेय’ योद्धा का जयपुर में लंबा इलाज के बाद अवसान
एक्सप्लेनर: क्यों फट रहे हैं AC?
बढ़ती गर्मी के बीच AC ब्लास्ट की घटनाएं चिंताजनक हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार घंटों तक AC चलाना, पुराने वायर का इस्तेमाल, गैस लीकेज और सर्विसिंग में लापरवाही ब्लास्ट का मुख्य कारण बनती है। कंप्रेसर पर अत्यधिक दबाव पड़ने से वह आग पकड़ लेता है।



