Monday, May 18, 2026
HomeLatest Newsमुख्यमंत्री निवास पर जनसुनवाई में उमड़ी भीड़, भजनलाल शर्मा ने सुनी हर...

मुख्यमंत्री निवास पर जनसुनवाई में उमड़ी भीड़, भजनलाल शर्मा ने सुनी हर वर्ग की समस्याएं

CM Bhajanlal Sharma Jan Sunwai : जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ( CM Bhajan Lal Sharma) ने सोमवार को जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित जनसुनवाई में प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में महिलाएं, विशेष योग्यजन, वरिष्ठ नागरिक और विभिन्न वर्गों के लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनकी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और परिवेदनाओं का त्वरित समाधान कर लोगों को राहत पहुंचाई। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और आमजन को तेज, पारदर्शी एवं प्रभावी प्रशासन उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुनवाई आमजन और शासन के बीच विश्वास एवं संवाद का प्रभावशाली माध्यम है। हमारी सरकार सुशासन के उच्च मानकों पर कार्य करते हुए अंतिम पंक्ति पर बैठे व्यक्ति को योजनाओं का लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आए सभी प्रकरणों के निस्तारण की समय-समय पर मॉनिटरिंग की जाए। अधिकारी ऐसी पारदर्शी एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे परिवादी को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवेदनाओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों पर सख्त कार्रवाई हो।

जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनकर परिवादियों से व्यक्तिगत संवाद भी किया। उन्होंने जनसुनवाई में बड़ी संख्या में आई महिलाओं, दिव्यांगों, बुजुर्गों सहित विभिन्न लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया। आमजन अपनी परिवेदनाओं के हाथोंहाथ समाधान से बेहद संतुष्ट नजर आए। मुख्यमंत्री ने इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, श्रम, कृषि, गृह, राजस्व, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल सहित विभिन्न विभागों की आमजन से जुड़ी परिवेदनाओं को सुना और उनके निस्तारण के निर्देश दिए।

ताराचंद को मिली इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल, विशाल को छात्रवृत्ति का लाभ

जनसुनवाई में नागौर से आए विशेष योग्यजन ताराचंद माली ने स्कूटी व इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल नहीं मिल पाने की अपनी पीड़ा मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। जिस पर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अधिकारियों को उन्हें शीघ्र स्कूटी व इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल देने के निर्देश दिए। इसी तरह, करौली के विशाल कुमार मीणा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें उत्तर मेट्रिक छात्रवृत्ति योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है जिससे उन्हें आगे की पढ़ाई जारी रखने में समस्या आ रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उन्हें शीघ्र ही उत्तर मेट्रिक छात्रवृत्ति दिलवाने के निर्देश दिए तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपनी समस्याओं के इतने त्वरित समाधान से ताराचंद एवं विशाल बहुत खुश हुए और मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनप्रतिनिधिगण द्वारा लाए गए पोस्टरों का  विमोचन भी किया। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में संबंधित जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular