Sunday, October 18, 2026
HomeLatest Newsटाइगर श्रॉफ पर फायरिंग को लेकर एक्शन में सीएम, मुंबई पुलिस की...

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग को लेकर एक्शन में सीएम, मुंबई पुलिस की 15 टीमें मैदान में आरोपियों को जिंदा या मुर्दा पकड़ने में जुटी

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अभिनेता की कार को निशाना बनाकर सात राउंड गोलियां चलाई गईं। इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं, जबकि उनके ड्राइवर फिरदोश समेत दो लोगों के घायल होने की सूचना है। ड्राइवर के बाएं हाथ में गोली लगी है, वहीं दूसरा घायल ऑटो रिक्शा चालक बताया जा रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने आरोपियों की तलाश और मामले की जांच के लिए 15 टीमें गठित की हैं। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सांताक्रुज इलाके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। किसी भी सूरत में आरोपियों को जिंदा या मुर्दा पकड़ने में पुलिस जुट गई है। मुंबई पुलिस के आला अधिकारियों ने खुद कमान संभाल ली है। उधर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना के संबंध में मुंबई पुलिस आयुक्त से फोन पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब फायरिंग के पीछे की वजह और संभावित साजिश की जांच कर रही है।

एकनाथ शिंदे का सख्त संदेश

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मुंबई में डर फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों को ढूंढ़कर निकालेंगे। जितने भी गैंग हैं, उनको खत्म करेंगे।”

भीड़ के बीच से कार पर बरसाईं गोलियां

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ एक मैदान से अपनी कार में निकल रहे थे। उन्हें देखने के लिए वहां बड़ी संख्या में लोग जमा थे। इसी दौरान भीड़ के बीच से उनकी कार पर फायरिंग की गई। घटना जुहू पुलिस थाना क्षेत्र की है।

इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से जिम्मेदारी लेने का दावा भी सामने आया है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि और फायरिंग से उसके संबंध की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान, हमले के मकसद और घटना के पीछे संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image