बाड़मेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को बाड़मेर जिले के बाछड़ाऊ में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने 2,824 करोड़ रुपए की लागत वाले 1,013 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय राजस्थान की हालत एक टूटे-फूटे मकान जैसी हो गई थी। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्हें स्वार्थी बताया और कहा कि कांग्रेस के लोग किसी के नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का फोकस गांवों के विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।
राजस्थान अब बिजली लेने नहीं, देने वाला राज्य: भजनलाल
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार प्रदेश के गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के हर गांव तक पक्की सड़क पहुंचे। सीएम ने बिजली के मुद्दे पर भी अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि राजस्थान अब बिजली लेने वाला राज्य नहीं रहा, बल्कि बिजली देने वाला राज्य बन गया है।
पेपर लीक को लेकर कांग्रेस पर निशाना
सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से जुड़े पेपर लीक के मुद्दे पर भी पिछली कांग्रेस सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में युवा परेशान थे और लगातार पेपर लीक के मामले सामने आते थे। भजनलाल शर्मा ने सभा में मौजूद लोगों से सवाल किया कि अब पेपर लीक होता है क्या? इस पर लोगों ने जवाब में ‘नहीं’ कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश के हर वर्ग के लिए काम कर रही है और ग्रामीण इलाकों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
हर पंचायत में होगा खेल मैदान
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसी कोई पंचायत नहीं होगी, जहां खेल मैदान न हो। इसके साथ ही उन्होंने राजस्थान के गांवों में अटल ज्ञान केंद्र बनाए जाने की घोषणा की। सरकार का लक्ष्य गांवों में विकास के साथ-साथ शिक्षा, खेल और अन्य जरूरी सुविधाओं को भी मजबूत करना है।
2,824 करोड़ के 1,013 विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण
बाछड़ाऊ पहुंचने पर मुख्यमंत्री का जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वागत किया। कार्यक्रम में मंत्री केके विश्नोई, विधायक आदूराम मेघवाल, बाड़मेर विधायक प्रियंका चौधरी, सिवाना विधायक हमीर सिंह, जैसलमेर विधायक छोटूसिंह, पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी और किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल और पुलिस अधीक्षक चुनाराम ने भी मुख्यमंत्री की अगवानी की। इस दौरान पारंपरिक गैर नृत्य के जरिए मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 2,824 करोड़ रुपए की लागत से जुड़े 1,013 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके अलावा जोधपुर संभाग के आठ जिलों के लिए करीब 2,700 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देने की बात भी कही गई।
पंचायत चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं से संवाद
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बाड़मेर दौरा पंचायत चुनावों से पहले राजनीतिक और संगठनात्मक लिहाज से भी अहम रहा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई। पंचायत चुनावों से पहले मुख्यमंत्री का यह दौरा भाजपा के संगठनात्मक अभियान के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



