जयपुर। मशहूर लेखक-शायर जावेद अख्तर और अभिनेत्री शबाना आजमी 4 अक्टूबर को जयपुर में एक खास कविता और संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। सीतापुरा स्थित इंटरकॉन्टिनेंटल जयपुर में शाम 4:30 से 6:30 बजे तक ‘Poetry and Conversation’ का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम में जावेद अख्तर अपनी शायरी मूल रूप से उर्दू में पेश करेंगे। वहीं शबाना आजमी उनकी शायरी का अंग्रेजी में अनुवाद करेंगी। इसके बाद दोनों कलाकार दर्शकों के साथ बातचीत और संवाद भी करेंगे।
यह कार्यक्रम दिल्ली के चर्चित रेस्टोरेंट ‘चोर बाजार’ के जयपुर में लॉन्च के मौके पर आयोजित किया जा रहा है। ईएचवी इंटरनेशनल की ओर से इंटरकॉन्टिनेंटल जयपुर में ‘चोर बाजार’ की शुरुआत की जाएगी।
1990 में दिल्ली से हुई थी शुरुआत
‘चोर बाजार’ की शुरुआत 1990 में दिल्ली के होटल ब्रॉडवे से हुई थी। करीब 35 साल पुरानी इस पहचान के साथ अब रेस्टोरेंट जयपुर में अपनी नई शुरुआत करने जा रहा है।
‘चोर बाजार’ अपने खास इंटीरियर और भारतीय क्षेत्रीय व्यंजनों के लिए जाना जाता है। इसके इंटीरियर को दिल्ली के मशहूर ‘थीव्स मार्केट’ से प्रेरित किया गया है। यहां पुराने दौर की अलग-अलग अनूठी चीजों को सजावट का हिस्सा बनाया गया है।
रेस्टोरेंट में क्षेत्रीय भारतीय व्यंजनों के साथ कश्मीरी खान-पान पर भी विशेष फोकस रहा है। कश्मीरी वजवान भी इसकी खास पहचान में शामिल है।



