CM Bhajanlal Sharma’s Visit to Dungarpur News : जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajan Lal Sharma) ने शुक्रवार सुबह धम्बोला गांव में आमजन के बीच पहुंचकर आत्मीय संवाद किया और ग्रामीणों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं, सुझाव और जरूरतें जानीं। रात्रि विश्राम के बाद मुख्यमंत्री गांव की गलियों में पैदल निकले, जहां लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान बुजुर्गों की कुशलक्षेम पूछते हुए उनका आशीर्वाद लिया, वहीं स्थानीय दुकानदारों से उनके कारोबार और रोजमर्रा की गतिविधियों की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री की सादगी, सहजता और आत्मीय व्यवहार ने ग्रामीणों का दिल जीत लिया। गांव के लोग उन्हें अपने बीच पाकर बेहद उत्साहित नजर आए। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री जगह-जगह रुककर लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर फीडबैक लेते रहे। उन्होंने ग्रामीण जीवन की विशेषताओं का जिक्र करते हुए कहा कि गांवों में आज भी लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं और यही आपसी भाईचारा समाज की सबसे बड़ी ताकत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों की “रामा-श्यामा” परंपरा सामाजिक एकता और आत्मीयता की पहचान है, जिसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

अटल ज्ञान केन्द्र से गांव में ही युवा कर रहे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से चाय पर चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा सभी पंचायतों में अटल ज्ञान केंद्र शुरू किए जा रहे हैं, जिससे गांव के युवाओं को इन केन्द्रों पर पुस्तकें, समाचार पत्र और अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो रही है। इससे युवाओं पर आर्थिक भार कम होगा और वे गांव में रहकर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।
गंगा दशहरा से वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान होगा शुरू, जल संरक्षण एवं संचयन के होंगे काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के पानी के उचित प्रबंधन और तालाबों के संरक्षण से गांवों में जल संकट की समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनसहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी से ही जल संरक्षण का लक्ष्य सफल हो सकेगा। इसी दिशा में राज्य सरकार गंगा दशहरा (25 मई) से ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ प्रारंभ करने जा रही है। इस अभियान के माध्यम से जनभागीदारी के साथ गांवों में जल संरक्षण एवं जल संचयन के कार्य किए जाएंगे, जिससे भूजल स्तर में वृद्धि होगी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने गोवर्धन नाथ जी मंदिर एवं माताजी मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए कामना की। इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

बच्चों संग मुख्यमंत्री ने खेला बैडमिंटन, बांटी चॉकलेट
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव में बैडमिंटन खेल रहे बच्चों के बीच पहुंचकर स्वयं भी उनके साथ बैडमिंटन खेला और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री के साथ बैडमिंटन खेलकर बच्चे बहुत खुश हुए। मुख्यमंत्री ने बच्चों से स्नेहपूर्वक बात करते हुए उन्हें चॉकलेट भी वितरित की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश, ग्रामीणों की समस्याओं का किया समाधान
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को जिले में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा अधिकाधिक युवाओं को इस मुहिम से जोड़ने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को गांव के खेमसागर तालाब पर पाल निर्माण एवं पौधारोपण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर खेल सुविधाओं के विस्तार एवं राजकीय विद्यालय में कक्षा कक्षों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देशित किया।



