Monday, May 25, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessशेयर बाजार पर संकट के बादल, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट, अमेरिका-ईरान...

शेयर बाजार पर संकट के बादल, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट, अमेरिका-ईरान तनाव और तेल कीमतों ने निवेशकों को किया परेशान

Share Market Update Today : मुंबई। वैश्विक तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों की रफ्तार थाम दी। निवेशकों में बढ़ती चिंता के चलते बाजार में बिकवाली का दबाव देखने को मिला, जिसका असर प्रमुख सूचकांकों पर साफ नजर आया। बीएसई सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद 251.61 अंक यानी 0.33% गिरकर 77,017.79 के स्तर पर बंद हुआ। दिन के दौरान यह एक समय 754 अंक तक लुढ़क गया था। वहीं निफ्टी50 भी 86.50 अंक यानी 0.36% टूटकर 24,032.80 पर बंद हुआ। विश्लेषकों के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में बढ़ता तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच संघर्ष विराम को लेकर अनिश्चितता बाजार में गिरावट की प्रमुख वजह रही। इसके अलावा कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने से भी निवेशकों की धारणा कमजोर पड़ी, जिससे बाजार दबाव में रहा।

इन कंपनियों के शेयरों में आई भारी गिरावट

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से आईसीआईसीआई बैंक, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व और बजाज फाइनेंस में बढ़त दर्ज की गई।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘घरेलू बाजार में उतार-चढ़ाव भरा सत्र रहा और चुनावों के बाद का उत्साह कमजोर पड़ने के साथ बढ़ते वैश्विक तनाव के बीच दुनिया के अन्य बाजारों में कमजोर रुख के अनुरूप बाजार में गिरावट रही।’ नायर ने कहा कि ऊंचे कच्चे तेल के दामों का दबाव बने रहने से रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया। इन प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद कंपनियों के उम्मीद से थोड़े बेहतर परिणामों ने कुछ सहारा दिया और चुनिंदा शेयरों में निचले स्तर पर खरीदारी देखी गई। इस दौरान ब्रेंट कच्चा तेल 113 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। वहीं रुपया दो पैसे कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.25 के सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया, जापान और चीन के बाजार बंद रहे जबकि हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक गिरावट में रहा। यूरोपीय बाजार मिलेजुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 2,835.62 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की थी। सेंसेक्स सोमवार को बाजार की उम्मीदों के अनुरूप चुनावी नतीजे आने से 355.90 अंक चढ़कर 77,269.40 अंक और निफ्टी 121.75 अंक बढ़कर 24,119.30 अंक पर बंद हुआ था।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular