Chhattisgarh Sakti Boiler Blast: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बड़ा हादसा हुआ है. जहां मंगलवार दोपहर को बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ. हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं करीब 30-40 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं. जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
अब तक 9 लोगों की मौत
सक्ती एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के मुताबिक, हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है. धमाका इतना जोरदार था कि 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 मजदूरों ने रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं, करीब 30-40 मजदूर झुलसे हुए बताए जा रहे हैं. इनमें से 11 का इलाज खरसिया के पद्मावती अस्पताल में और 15 से अधिक का रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस व मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है.
बॉयल ट्यूब फटने को माना जा रहा हादसे का कारण
प्राथमिक तौर पर बॉयलर की ट्यूब फटना हादसे का कारण माना जा रहा है. प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए है. स्थानीय लोगों और मजदूरों के परिजनों का आरोप है कि प्लांट में सुरक्षा इंतजामों को लेकर लंबे समय से लापरवाही बरती जा रही थी.
सीएम विष्णु देव साय ने जताया शोक
भीषण दुर्घटना पर सीएम विष्णु देव साय ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- सक्ती जिले में सिंघीतराई स्थित ‘वेदांता पावर प्लांट’ में बॉयलर फटने से भीषण हादसे की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है. इस दुर्घटना में कुछ श्रमिकों के निधन और घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है. मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें.
सक्ती जिले में सिंघीतराई स्थित 'वेदांता पावर प्लांट' में बॉयलर फटने से हुई भीषण दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है।
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) April 14, 2026
इस दुर्घटना में कुछ श्रमिकों के निधन और घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। मेरी गहरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से…
‘दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई’
सीएम विष्णु देव ने आगे लिखा-जिला प्रशासन मौके पर मौजूद है, राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है. घायलों के बेहतर उपचार हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि इस दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो.घटना की गहन और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी. इसमें जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: ‘अभी तो सिर्फ ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है’, ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर मिसाइल दागते वीडियो किया शेयर



