Monday, November 2, 2026
HomeRajasthanजयपुर में पुलिस मुख्यालय के बाहर दो कारों में भीषण आग, थार...

जयपुर में पुलिस मुख्यालय के बाहर दो कारों में भीषण आग, थार से उठी लपटों ने हैरियर को भी चपेट में लिया

जयपुर में सोमवार सुबह पुलिस मुख्यालय के बाहर उस समय हड़कंप मच गया, जब गेट नंबर-4 के सामने नाबार्ड के पास गली में खड़ी महिंद्रा थार में अचानक आग लग गई।

जयपुर में सोमवार सुबह पुलिस मुख्यालय के बाहर उस समय हड़कंप मच गया, जब गेट नंबर-4 के सामने नाबार्ड के पास गली में खड़ी महिंद्रा थार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़ी टाटा हैरियर भी इसकी चपेट में आ गई। आग इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

20 मिनट बाद पहुंची दमकल की गाड़ियां
घटना सुबह करीब 11 बजे की है। आग लगने की सूचना मिलने पर सुबह 11:20 बजे दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आग का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।

PNB में कार्यरत दो कर्मचारियों की हैं गाड़ियां
पुलिस के अनुसार, आग की चपेट में आई महिंद्रा थार पंजाब नेशनल बैंक में कार्यरत शुभम की है। शुभम ने साल 2022 में धनतेरस के मौके पर यह गाड़ी खरीदी थी। वहीं, दूसरी गाड़ी टाटा हैरियर भी पंजाब नेशनल बैंक में कार्यरत राहुल की है। राहुल ने साल 2025 में यह कार खरीदी थी। आग लगने से दोनों गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। ज्योति नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

ACP ने क्या बताया?
ACP अशोक नगर डॉ. पूनम ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के गेट नंबर-4 के बाहर खड़ी थार में अज्ञात कारणों से आग लगी थी। पास में खड़ी सफेद कार भी आग की चपेट में आ गई। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दोनों गाड़ियां आग से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image