Monday, May 25, 2026
HomeLatest Newsराहुल गांधी का बड़ा हमला, BJP-RSS पर संविधान तोड़ने का आरोप लगाया,...

राहुल गांधी का बड़ा हमला, BJP-RSS पर संविधान तोड़ने का आरोप लगाया, ममता सरकार को बताया बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का जिम्मेदार

राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल की रैलियों में भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर संविधान को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने ममता बनर्जी की सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और खराब शासन का आरोप लगाते हुए कांग्रेस को बेहतर विकल्प बताया। राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और नरेंद्र मोदी की नीतियों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि इससे छोटे उद्योग, कृषि और रोजगार पर बुरा असर पड़ेगा और देश की आर्थिक व डेटा सुरक्षा खतरे में है।

Bengal Elections 2026 : रायगंज/मालदा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ‘‘नफरत भरी सोच’’ संविधान को नष्ट कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस राज्य के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रही है। उत्तर दिनाजपुर, मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि बंगाल के निवासी ‘‘नफरत फैलाने वाली’’ भाजपा और जनविरोधी तृणमूल कांग्रेस के बीच फंसे हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस को जनता के कल्याण के लिए एकमात्र विकल्प बताया।

बंगाल में राहुल गांधी ने ममता सरकार घेरा

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार के भ्रष्टाचार और गलत शासन नीतियों में लिप्त होने से राज्य में भाजपा के प्रभाव के प्रसार का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने कहा, अगर तृणमूल ने हिंसा न की होती और सुशासन दिया होता, तो भाजपा यहां पैर भी नहीं जमा पाती। कांग्रेस नेता ने कहा, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पांच लाख लोगों को नौकरियां देने का वादा किया था। लेकिन 84 लाख युवाओं ने बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन किया है। क्षेत्र के दिवंगत कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी को याद करते हुए, लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि यदि दासमुंशी जीवित होते, तो ‘‘वह कांग्रेस शासित बंगाल के मुख्यमंत्री होते।

राहुल गांधी बोले संविधान पर हो रहा हमला

गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए उन पर ‘‘नफरत भरी सोच’’ से संविधान को नष्ट करने और ‘‘वोट चोरी में लिप्त’’ होने का आरोप भी लगाया।गांधी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को ‘‘असंवैधानिक’’ करार दिया और आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस को जहां भी मौका मिलता है, वे संविधान पर हमला करते हैं। उन्होंने भाजपा पर चुनाव जीतने के लिए धर्म और जाति के नाम पर एक समुदाय को दूसरे के खिलाफ भड़काने का आरोप लगाया। गांधी ने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद, एसआईआर के तहत मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाए गए लोगों के नाम बहाल कर दिए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस पूरे देश में भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो भाजपा के खिलाफ मुकाबला कर सकती है और उसे हरा सकती है।

गांधी ने पश्चिम बंगाल में बेरोजगारी के लिए तृणमूल को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘तृणमूल ने बंगाल के सभी उद्योगों को बंद कर दिया और सिंडिकेट के जरिए राज्य चला रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने बंगाल के लिए बकाया दो लाख करोड़ रुपये नहीं दिए हैं और मनरेगा के तहत राज्य को कोष से भी वंचित रखा है। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी और तृणमूल पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, अगर मोदी देश के सबसे भ्रष्ट प्रधानमंत्री हैं, तो तृणमूल ने बंगाल में भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध और राजनीतिक हिंसा में वृद्धि का आरोप लगाते हुए गांधी ने कहा, ‘‘बंगाल में पूर्णतः तानाशाही चल रही है।’’ शारदा और रोज वैली जैसे पोंजी घोटालों का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि “तृणमूल सदस्यों द्वारा संचालित सिंडिकेट” भ्रष्टाचार से लाभ उठाते हैं। गांधी ने तृणमूल पर हिंसा में शामिल होने और झूठे वादे करने का भी आरोप लगाया।

राहुल ने व्यापार समझौते को लेकर पीएम मोदी पर साधा निशाना

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘इससे छोटे और मध्यम आकार के उद्योग बंद हो जाएंगे और भारत में रोजगार का नुकसान होगा।’’ गांधी ने दावा किया कि विवादित एप्स्टीन फाइलों के 35 लाख दस्तावेज अभी तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं, और इसकी कुंजी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए गांधी ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी का नियंत्रण ट्रंप के हाथों में है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के कृषि क्षेत्र को अमेरिका के लिए खोल दिया है, जिससे उसे भारत में अपनी कृषि उपज बेचने की अनुमति मिल गई है।

गांधी ने आरोप लगाया, भारत का कृषि क्षेत्र तबाह हो जाएगा। मोदी ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते में भारत को बेच दिया। वह देशभक्त नहीं, देशद्रोही हैं।कांग्रेस नेता ने कहा, भाजपा जानती है कि एक दिन कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें हरा देंगे और तब नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस नेता ने मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर वाशिंगटन के दबाव में भारत की ऊर्जा सुरक्षा को अमेरिका के हवाले करने का भी आरोप लगाया। गांधी ने कहा कि डेटा सुरक्षा सर्वोपरि है क्योंकि किसी देश की ताकत इसी पर टिकी होती है। उन्होंने केंद्र सरकार पर भारत का डेटा अमेरिका को सौंपने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘इससे राष्ट्रीय सुरक्षा को गंभीर नुकसान पहुंचा है।’’

गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने अमेरिका को 9.5 लाख करोड़ रुपये का सामान खरीदने का वादा किया है। उन्होंने कहा, अगर अमेरिकी सामान सुनामी की तरह भारत में आ जाए, तो हमारे देश के छोटे और मध्यम आकार के कारखाने बंद हो जाएंगे। उन्होंने कहा, इससे बंगाल को दोहरा नुकसान होगा क्योंकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पहले ही राज्य में उद्योगों को बंद कर चुकी हैं। मुर्शिदाबाद जिले के शमसेरगंज में आयोजित रैली में गांधी ने कहा कि देश इस समय दो विचारधाराओं की लड़ाई का गवाह बन रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर कांग्रेस की एकता, प्रेम और भाईचारे की विचारधारा है, जबकि दूसरी ओर भाजपा और आरएसएस द्वारा ‘नफरत और हिंसा’ को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुर्शिदाबाद में 2025 के वक्फ विरोधी प्रदर्शनों के दौरान व्यापक हिंसा हुई थी। बंगाल के लोगों से कांग्रेस के पक्ष में वोट देने की अपील करते हुए उन्होंने पार्टी के घोषणापत्र के वादों को दोहराया। इनमें हर नागरिक को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा, प्रत्येक किसान को 15,000 रुपये, कृषि कार्यों के लिए 200 यूनिट मुफ्त बिजली और हर महिला को 2,000 रुपये देने का वादा शामिल है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular