Wednesday, September 9, 2026
HomeIndiaभरतपुर में अनोखा चुनावी नजाकत: सीएम भजनलाल के घर वोट मांगने पहुंचीं...

भरतपुर में अनोखा चुनावी नजाकत: सीएम भजनलाल के घर वोट मांगने पहुंचीं कांग्रेस प्रत्याशी, पिता ने कहा- ‘मैं तो बीजेपी का हूं!’

भरतपुर निकाय चुनाव के वार्ड 41 में दिलचस्प नजाकत। कांग्रेस प्रत्याशी बबीता शर्मा सीएम भजनलाल शर्मा के घर वोट मांगने पहुंचीं। सीएम के पिता ने कहा- मैं तो बीजेपी का हूं। जानिए पूरी रिपोर्ट।

भरतपुर। राजस्थान निकाय चुनाव 2026 के पहले चरण के प्रचार के बीच भरतपुर से एक बेहद दिलचस्प और रोचक सियासी वाकया सामने आया है। भरतपुर नगर निगम के वार्ड नंबर-41 से कांग्रेस प्रत्याशी बबीता शर्मा वोट मांगते-मांगते सीधे राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निजी आवास पर जा पहुंचीं। मुख्यमंत्री का घर इसी वार्ड में पड़ता है, जहां कांग्रेस प्रत्याशी ने सीएम के पिता किशन स्वरूप शर्मा से मुलाकात की और कांग्रेस के पक्ष में वोट देने की अपील कर डाली।

यह खबर भी पढ़ें:-जयपुर में CM भजनलालका बड़ा रोड शो आज: परकोटे के रास्ते बंद, जानें ट्रैफिक डायवर्जन, नो-पार्किंग और बसों की एंट्री का पूरा प्लान

‘वोट मांगना मेरा हक, लेकिन नहीं मिला जीत का आशीर्वाद’

कांग्रेस प्रत्याशी बबीता शर्मा के अनुसार, वह इससे पहले 6 सितंबर को भी प्रचार के सिलसिले में मुख्यमंत्री के घर गई थीं, लेकिन उस वक्त वहां कोई नहीं मिला। मंगलवार को जनसंपर्क के दौरान वह दोबारा सीएम आवास पहुंचीं और वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों के जरिए मुख्यमंत्री के पिता से मिलने का आग्रह किया।

मुलाकात के दौरान बबीता शर्मा ने उनसे कांग्रेस प्रत्याशी होने के नाते समर्थन और वोट मांगा। इस पर सीएम भजनलाल शर्मा के पिता किशन स्वरूप शर्मा ने मुस्कुराते हुए साफ कह दिया— “मैं तो भाजपा का हूँ!”

हालांकि कांग्रेस प्रत्याशी को जीत का आशीर्वाद तो नहीं मिला, लेकिन उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर मतदाता के पास जाकर वोट मांगना उनका अधिकार है और उसी अधिकार के तहत वह वहां गई थीं।

हॉट सीट बना वार्ड-41, बीजेपी और कांग्रेस में कांटे की टक्कर

मुख्यमंत्री का गृह वार्ड होने की वजह से वार्ड नंबर-41 पूरे शहर की सबसे चर्चित और हॉट सीट बन चुका है। कांग्रेस ने यहां महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष बबीता शर्मा पर दांव खेला है, तो वहीं बीजेपी ने प्रत्याशी दीपक मुद्गल की पत्नी योगेश्वरी मुद्गल को चुनावी मैदान में उतारा है। दोनों महिला प्रत्याशियों के बीच यहां मुकाबला बेहद कड़ा और दिलचस्प माना जा रहा है।

यह खबर भी पढ़ें:-राजस्थान निकाय चुनाव 2026: मतदान खत्म होते ही शुरू होगी ‘बाड़ेबंदी’, जानिए बीजेपी और कांग्रेस का ‘ऑपरेशन बोर्ड’ का पूरा प्लान

भरतपुर समेत 168 निकायों में पहले चरण की वोटिंग

राजस्थान निकाय चुनाव 2026 के तहत 39 जिलों के 168 नगरीय निकायों (जिसमें भरतपुर, अलवर, भीलवाड़ा और बीकानेर नगर निगम शामिल हैं) के 5,393 वार्डों में बुधवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान जारी है। भरतपुर जिले में सोमवार शाम 6 बजे ही चुनाव प्रचार का शोर थम गया था।

बता दें कि दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को जयपुर नगर निगम समेत शेष निकायों में होगा, जबकि दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर 2026 को कराई जाएगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image