भरतपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर की राजनीति में गुरुवार को एक बड़ा मोड़ देखने को मिला। भरतपुर नगर निगम के मेयर (महापौर) चुनाव में निर्दलीय दावेदार के रूप में उतरीं विचित्रा सिंह ने अचानक अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया है। इस बड़े सियासी उलटफेर के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अधिकृत प्रत्याशी अनुराधा सिंह का निर्विरोध महापौर चुना जाना पूरी तरह तय माना जा रहा है।
यह खबर भी पढ़ें:-जयपुर मेयर चुनाव: मदन राठौड़ का बड़ा बयान-‘आज फाइनल होगा प्रत्याशी का नाम’, ब्राह्मण समाज ने की मेयर पद की मांग
बाड़ेबंदी के बीच पहुंचे गृह राज्यमंत्री, 2 घंटे की चर्चा के बाद बदला निर्णय
नामांकन वापसी के इस घटनाक्रम के पीछे पर्दे के पीछे चला बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। बताया जा रहा है कि गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने निर्दलीय प्रत्याशी विचित्रा सिंह और उनके पति व पूर्व मेयर शिव सिंह भोंट के साथ करीब दो घंटे तक बंद कमरे में बातचीत की।
यह बातचीत विचित्रा सिंह के होटल ‘शिव विलास पैलेस’ में बाड़ेबंदी के दौरान हुई। गृह राज्यमंत्री के साथ लंबे विचार-विमर्श और मान-मनोव्वल के बाद विचित्रा सिंह ने चुनाव मैदान से हटने का मन बना लिया। गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी का समर्थन प्राप्त होने के दावों के बीच विचित्रा सिंह के मैदान में रहने से मुकाबला काफी पेचीदा और कड़ा नजर आ रहा था।
विचित्रा सिंह का बयान और पूर्व के दावे
नामांकन वापस लेने के बाद विचित्रा सिंह ने कहा कि भरतपुर शहर के चौमुखी विकास में वे अपनी सकारात्मक भूमिका निभाना चाहती हैं और इसी सोच के साथ उन्होंने यह कदम उठाया है। जबकि इससे पहले नामांकन के वक्त उनके पति और पूर्व मेयर शिव सिंह भोंट और पूर्व विधायक विजय बंसल ने भारी बहुमत का दावा किया था। उनका कहना था कि 20 बीजेपी पार्षदों और 24 विचारधारा वाले निर्दलीयों का उन्हें समर्थन हासिल है। हालांकि, गुरुवार को हुए इस घटनाक्रम ने भरतपुर के सारे पुराने सियासी गणित को एक झटके में बदल दिया।
यह खबर भी पढ़ें:-12 घंटे 35 मिनट में 122 KM की दौड़, जयपुर के सूरज मीणा ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
भरतपुर जिले की अन्य नगर पालिकाओं व परिषदों में नामांकन की स्थिति
भरतपुर जिले की विभिन्न नगर पालिकाओं और परिषदों में अध्यक्ष/सभापति पद के लिए दाखिल प्रमुख नामांकनों का ब्योरा इस प्रकार है:
- वैर नगर पालिका: बीजेपी से ललितेश पूरन धाकड़, कांग्रेस से इंद्रा देवी, जबकि निर्दलीय के रूप में गीता संजय धाकड़ और नेहा सैनी ने पर्चा भरा है।
- नदबई नगर पालिका: बीजेपी की कमलेश कटारा का एकमात्र नामांकन दर्ज हुआ है।
- उच्चैन नगर पालिका: बीजेपी से दिलीप सिंह अम्बेश ने दावेदारी ठोकी है।
- बयाना नगर पालिका: बीजेपी से पूर्व अध्यक्ष उषा अग्रवाल और रेखा अग्रवाल ने फॉर्म भरा है।
- रूपवास नगर पालिका: कांग्रेस के दिलीप सिंह गुर्जर का एकमात्र नामांकन आया है।
- भुसावर नगर पालिका: बीजेपी से मुकेश तिवारी, जबकि निर्दलीय के तौर पर अनीता तिवारी और प्रीति पांडेय मैदान में हैं।
- डीग नगर परिषद: बीजेपी के आधिकारिक प्रत्याशी अर्पित गुप्ता ने पर्चा भरा है। वहीं पार्टी से बगावत कर राहुल लवानियां और मालती देवी ने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया है।
- सीकरी नगर पालिका: बीजेपी से चंचल कक्कड़ और निर्दलीय राधा खंडेलवाल ने नामांकन भरा है।
- बृजनगर नगर पालिका: बीजेपी से भान सिंह सोनी और यादराम पटवा मैदान में हैं।
- पहाड़ी नगर पालिका: बीजेपी के शिशुपाल शर्मा ने एकमात्र पर्चा भरा है।
- कुम्हेर नगर पालिका: बीजेपी से निर्पेश गुप्ता, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी धवन फौजदार और रविकांत सोनी ने दांव आजमाया है।
- कामां नगर पालिका: हाइब्रिड फॉर्मूले के तहत सत्यदेव शर्मा और निर्दलीय आशा शर्मा ने अपनी-अपनी दावेदारी पेश की है।



