Wednesday, September 23, 2026
HomeIndia'जितना लूट सको, उतना लूटो': बांसवाड़ा में जीत के बाद BJP उपसभापति...

‘जितना लूट सको, उतना लूटो’: बांसवाड़ा में जीत के बाद BJP उपसभापति चंकी शाह का बयान वायरल, कांग्रेस ने घेरा

बांसवाड़ा नगर परिषद के नए उपसभापति और भाजपा नेता चंकी शाह का 'जितना लूट सको लूटो' वाला वीडियो वायरल होने से बवाल मच गया है। कांग्रेस के हमलों और चंकी शाह के 13 साल के राजनीतिक सफर पर पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

बांसवाड़ा (राजस्थान)। राजस्थान निकाय चुनाव 2026 के नतीजों के बाद जश्न के माहौल के बीच बांसवाड़ा से सामने आए एक वीडियो ने प्रदेश की सियासत में गर्माहट ला दी है। बांसवाड़ा नगर परिषद के नवनिर्वाचित उपसभापति और भारतीय जनता पार्टी के नेता चंकी शाह का एक 15 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। चुनाव जीतने के तुरंत बाद दिए एक इंटरव्यू में वे हंसते-मुस्कुराते हुए कहते दिख रहे हैं— “केंद्र में बीजेपी, राज्य में भजनलाल जी और बांसवाड़ा में भी अब बीजेपी की सरकार है… जितना लूट सको लूटो।”

इस वीडियो के सामने आते ही राजस्थान कांग्रेस ने इसे हाथों-हाथ लिया और अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर करते हुए राज्य की भजनलाल शर्मा सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस का आरोप है कि यह बयान बीजेपी नेताओं की असल मानसिकता और भ्रष्टाचार की मंशा को उजागर करता है। वहीं, दूसरी ओर बीजेपी समर्थकों और स्थानीय नेताओं का कहना है कि यह बात जीत की खुशी में केवल मजाक-मजाक में कही गई थी, जिसे संदर्भ से काटकर विवाद खड़ा किया जा रहा है।

यह खबर भी पढ़ें:-BJP ने बदला राजस्थान प्रभारी, संजय भाटिया को मिली कमान

कौन हैं चंकी शाह? व्यापारी से लेकर उपसभापति तक का सफर

विवादों के केंद्र में आए 39 वर्षीय चंकी शाह बांसवाड़ा शहर के जाने-माने व्यापारी और लोकप्रिय नेता हैं। शहर की श्री राम कॉलोनी के निवासी और स्वर्गीय नितिन शाह के पुत्र चंकी शाह का मुख्य बाजार में कॉस्मेटिक्स और जनरल स्टोर का कारोबार है।

व्यापार के साथ-साथ वे सामाजिक जीवन में भी काफी सक्रिय हैं। वे नेमा समाज के जिला उपाध्यक्ष हैं और शहर के ऐतिहासिक ‘पंच पीपली चौक’ संगठन की कमान भी संभाल रहे हैं।

13 साल की मेहनत और सांगठनिक सफर

चंकी शाह ने साल 2013 में बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता लेकर राजनीति में कदम रखा था।

  • 2014: पहली बार वार्ड पार्षद चुने गए।
  • 2015: संगठन में उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें ‘भाजयुमो नगर मंडल’ का अध्यक्ष बनाया गया।
  • 2017 & 2019: 2017 में भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष बने और 2019 में वार्ड नंबर 29 से दोबारा पार्षद चुने गए।
  • 2021: पार्टी ने उन्हें नगर निकाय प्रकोष्ठ का जिला संयोजक नियुक्त किया।

यह खबर भी पढ़ें:-राजस्थान में 457 पंचायत समिति प्रधानों की लॉटरी आज, 50% महिला आरक्षण भी लागू

2026 चुनाव: रिकॉर्ड जीत और उपसभापति की कुर्सी

हाल ही में संपन्न हुए राजस्थान नगरीय निकाय चुनावों में चंकी शाह ने सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड अपने नाम किया। वार्ड नंबर 37 से चुनाव लड़ते हुए उन्होंने अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी को 756 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी, जो जिले की सबसे बड़ी जीत मानी गई।

इसके बाद 22 सितंबर को हुए उपसभापति के चुनाव में 60 वार्डों वाले बोर्ड में बीजेपी ने चंकी शाह को मैदान में उतारा। मुकाबले में कांग्रेस के फखरुद्दीन रतलामवाला थे। मतदान के बाद चंकी शाह को 37 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 23 वोट ही हासिल हो सके। 14 वोटों से मिली इस जीत के बाद जब वे समर्थकों के साथ जश्न मना रहे थे, तभी स्थानीय मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने यह विवादास्पद टिप्पणी कर दी।

जयपुर तक गरमाई सियासत

22 सितंबर की शाम से शुरू हुआ यह वीडियो विवाद अब बांसवाड़ा की स्थानीय राजनीति से निकलकर जयपुर तक पहुंच चुका है। एक तरफ जहां कांग्रेस इसे ‘सत्ता के नशे में चूर’ जनप्रतिनिधि का बयान बताकर सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक घेर रही है, वहीं बीजेपी नेता इसे महज अनौपचारिक बातचीत का हंसी-मजाक बताकर बचाव कर रहे हैं। मामला जो भी हो, लेकिन इस 15 सेकंड की क्लिप ने निकाय चुनाव की जीत के रंग में भंग जरूर डाल दिया है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image