Sunday, August 9, 2026
HomeIndiaजयपुर में बारिश के बीच निकली भव्य तिरंगा यात्रा, जेपी नड्डा और...

जयपुर में बारिश के बीच निकली भव्य तिरंगा यात्रा, जेपी नड्डा और सीएम भजनलाल शर्मा समेत हजारों लोग हुए शामिल

जयपुर। राजधानी जयपुर में रविवार को बारिश के बीच ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य राज्यस्तरीय तिरंगा यात्रा निकाली गई। अल्बर्ट हॉल से शुरू हुई इस यात्रा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं, स्कूली विद्यार्थी और आम नागरिक शामिल हुए। बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और पूरे रास्ते तिरंगा लहराता नजर आया।

यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। बारिश के बीच भी कार्यकर्ताओं और आमजन में खासा उत्साह दिखाई दिया। यात्रा के मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बना रहा और लोगों ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशप्रेम का संदेश दिया। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने तिरंगा यात्रा को केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा जनआंदोलन बताया। उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों में राष्ट्र के प्रति गौरव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने में ऐसे अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के राष्ट्रीय पुनर्जागरण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की वीर भूमि और तिरंगे का ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। प्रदेश के वीरों ने देश की एकता, अखंडता और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, संप्रभुता और गौरव का प्रतीक है तथा हर नागरिक का इससे भावनात्मक जुड़ाव है।

तिरंगा यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, घनश्याम तिवाड़ी, राजेंद्र सिंह राठौड़, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह सहित कई कैबिनेट मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी यात्रा में मौजूद रहे।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ना रहा। यात्रा में युवाओं और स्कूली बच्चों की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। बारिश के बावजूद हजारों लोगों का एक साथ तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरना कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image