West Bengal Politics : कोलकाता। शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बड़ा बयान देते हुए कहा कि राज्य में बनने जा रही पहली भाजपा सरकार चुनावी घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है और अब सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी ताकत से काम करेगी। पार्टी विधायकों को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल अब “डर के माहौल” से बाहर निकल चुका है और राज्य भरोसे और विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बंगाल के विकास को नई दिशा देंगे।
बंगाल में अब डर नहीं बल्कि भरोसे और विकास की राजनीति चलेगी : शुभेंदु
पार्टी विधायकों और समर्थकों की ज़ोरदार तालियों के बीच अधिकारी ने कहा, भय अब खत्म हो गया है और जैसा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने कहा है, भरोसा आ गया है। इससे पहले अधिकारी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रदेश में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया, जिससे उनके पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। अधिकारी ने कहा, बंगाल की जनता ने हमें ऐतिहासिक जनादेश दिया है। हम बंगाल में भाजपा के चुनाव घोषणापत्र में किये गये सभी वादों को पूरा करेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार और राज्य की नई भाजपा सरकार के बीच समन्वय की जरूरत पर जोर दिया।
अधिकारी ने कहा, केंद्र और राज्य बंगाल की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मिलकर काम करें। शाह ने पश्चिम बंगाल में नव निर्वाचित विधायकों की एकमत से सहमति का हवाला देते हुए अधिकारी को भाजपा विधायक दल का नेता घोषित किया। शाह ने कहा, विधायक दल का नेता चुनने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। आठ प्रस्ताव मिले थे और उन सभी में सिर्फ एक नाम था। दूसरे नाम के लिए काफी समय दिया गया था, लेकिन कोई दूसरा नाम प्रस्तावित नहीं किया गया। इसलिए, मैं शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री घोषित करता हूं।
बंगाल में भाजपा की जीत के मुख्य सूत्रधारों में गिने जाने वाले अधिकारी शनिवार को यहां ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक भव्य समारोह में राज्य के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, शाह और कई वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल हो सकते हैं। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में ज़बरदस्त जीत हासिल की और तृणमूल कांग्रेस के 15 साल का राज खत्म हो गया।



