Thursday, May 14, 2026
HomeLatest News'हम पार्टनर, विरोधी नहीं', डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के बाद बोले शी...

‘हम पार्टनर, विरोधी नहीं’, डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के बाद बोले शी जिनपिंग, ‘हम मिलकर दुनिया में बदलाव करेंगे’

Donald Trump और Xi Jinping के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई, जहां शी जिनपिंग ने कहा कि “हम पार्टनर हैं, विरोधी नहीं” और मजबूत संबंध दोनों देशों के साथ पूरी दुनिया के लिए फायदेमंद होंगे।

Donald trump xi Jinping Meeting: बीजिंग में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात पर दुनिया भर की नजरें टिकी हुई हैं. बीजिंग के ‘ग्रेट हॉल ऑफ द पीपुल’ पहुंचने पर ट्रंप का औपचारिक स्वागत किया गया. मुलाकात के बाद ट्रंप और जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई. मीटिंग के दौरान जिनपिंग और ट्रंप ने एक-दूसरे की जमकर तारीफ की. चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि ‘हम सहयोगी हैं, प्रतिद्वंदी नहीं हैं. मजबूत रिश्तों से दोनों देशों को फायदा होगा. हम मिलकर दुनिया में बदलाव करेंगे.’

पूरी दुनिया हमारी इस बैठक पर नज़र बनाए हुए: जिनपिंग

बैठक के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा, “9 साल बाद चीन में आपका फिर से स्वागत है. पूरी दुनिया हमारी इस बैठक पर नज़र रखे हुए है. इस समय, पूरी दुनिया में एक ऐसा बदलाव तेज़ी से आ रहा है जो पिछली एक सदी में नहीं देखा गया था और अंतरराष्ट्रीय हालात अस्थिर और उथल-पुथल भरे हैं. चीनी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि’ दुनिया एक नए मोड़ पर आ खड़ी हुई है और अब यह देखना होगा कि क्या चीन और अमेरिका आपसी टकराव से बचते हुए बड़े देशों के आपसी संबंधों का एक नया मॉडल तैयार कर सकते हैं?.

कोई मुश्किलें आईं, तो हमने मिलकर उन्हें सुलझाया: ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “आप और मैं एक-दूसरे को अब काफी लंबे समय से जानते हैं. असल में, हमारे दोनों देशों के बीच किसी भी राष्ट्रपति और राष्ट्रपति के बीच यह अब तक का सबसे लंबा रिश्ता है. मेरे लिए, यह एक सम्मान की बात है. हमारा रिश्ता बहुत ही शानदार रहा है. हमारी आपस में खूब बनी है. जब भी कोई मुश्किलें आईं, तो हमने मिलकर उन्हें सुलझाया. मैं आपको फ़ोन करता था और आप मुझे फ़ोन करते थे. जब भी हमें कोई समस्या हुई, हमने उसे बहुत जल्दी सुलझा लिया, हमारा भविष्य भी एक साथ बहुत ही शानदार होने वाला है.”

‘आपका दोस्त होना मेरे लिए सम्मान की बात’

डोनाल्ड ट्रंप यह भी कहा कि उनके साथ अमेरिका के कई बड़े कारोबारी नेता चीन पहुंचे हैं, जो चीन के साथ व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने के इच्छुक हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारे साथ दुनिया के सबसे बड़े और बेहतरीन कारोबारी लोग आए हैं। वे सभी चीन के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं.’ ट्रंप ने इस बैठक को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अमेरिका में लोग इस शिखर वार्ता पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. उन्होंने कहा कि कुछ लोग इसे अब तक की सबसे बड़ी शिखर बैठक भी बता रहे हैं. अपने संबोधन के अंत में ट्रंप ने शी जिनपिंग से कहा, ‘आपका दोस्त होना मेरे लिए सम्मान की बात है और चीन तथा अमेरिका के रिश्ते पहले से कहीं ज्यादा बेहतर होने वाले हैं.’

ट्रंप के सम्मान में राजकीय भोज का होगा आयोजन

शाम को ट्रंप के सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन भी किया जाएगा. ट्रंप बुधवार को 2 दिवसीय दौरे पर चीन पहुंचे थे. बीजिंग पहुंचने पर चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग ने उनका स्वागत किया. इस दौरान चीन में अमेरिकी राजदूत डेविड पर्ड्यू भी मौजूद रहे. यह ट्रंप का 2017 के बाद पहला चीन दौरा है. इससे पहले दोनों नेताओं की आमने-सामने मुलाकात पिछले वर्ष अक्टूबर में बुसान में हुई थी. ट्रंप के चीन पहुंचने से पहले अमेरिका स्थित चीनी दूतावास ने X पर पोस्ट कर चीन-अमेरिका संबंधों से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर अपना रुख दोहराया था.

किन मुद्दों पर फोकस

इस यात्रा का मुख्य फोकस व्यापार और टैरिफ विवाद को कम करना माना जा रहा है. अमेरिका और चीन के बीच लंबे समय से व्यापारिक तनाव बना हुआ है, जिसका असर अरबों डॉलर के निर्यात पर पड़ा है. ट्रंप ने भी बीजिंग रवाना होने से पहले वॉशिंगटन में इस बात के संकेत देते हुआ कहा था कि उनकी बातचीत का सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा व्यापार होगा. अमेरिका चाहता है कि चीन अमेरिकी खाद्य उत्पादों और विमानों की खरीद बढ़ाए. बताया जा रहा है कि दोनों देश आपसी मतभेदों को कम करने के लिए ‘बोर्ड ऑफ ट्रेड’ स्थापित करने की योजना पर भी काम कर रहे हैं. ट्रंप की चीन यात्रा के दौरान व्यापार के अलावा दोनों नेताओं के बीच खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव, वैश्विक सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है.

ये भी पढ़ें: यूपी में आंधी-तूफान ने बरपाया कहर, 96 लोगों की मौत, प्रयागराज में 17 लोगों ने गंवाई जान, रेल यातायात भी प्रभावित


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular