Up Weather News: उत्तर प्रदेश में आंधी तूफान और बारिश का कहर देखने को मिला है. तेज हवाओं के कारण कहीं पेड़ गिरे तो कहीं बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे कई जगह विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई. यूपी के अलग-अलग जिलों में आंधी तूफान के चलते करीब 96 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. सबसे ज्यादा नुकसान वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर में हुआ है.
कहां कितने लोगों की मौत
ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों को काफी नुकसान पहुंचा है. वहीं कई जगह फसल पूरी तरह चौपट हो गई है. कई जगह जगह पेड़ गिरने की घटना के चलते आवागमन भी बाधित रहा. मरने वालों में प्रयागराज में 17, भदोही में 18, फतेहपुर में 10, बदायूं में 6, प्रतापगढ़ में 4, चंदौली और कुशीनगर में 2-2 तथा सोनभद्र जिले में 1 व्यक्ति की मौत हो गई है.
सीएम योगी के 24 घंटे में मुआवजा देने के आदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बेमौसम बारिश, आंधी, तूफान और आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि पर संज्ञान लेते हुए 24 घंटे के अंदर पीड़ितों को मुआवजा देने का आदेश दिया है. उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश देते हुए राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनी से नुकसान का सर्वेक्षण कराकर शासन को भी अवगत कराने का आदेश दिया है.
रेल यातायात भी प्रभावित
आंधी, बारिश के चलते रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है. दिल्ली-हावड़ा रूट करीब डेढ़ घंटे के लिए बाधित हो गया. फतेहपुर में पेड़ गिरने से OHE लाइन टूट गई. इससे कानपुर होकर आने-जाने वाली करीब 22 ट्रेनें प्रभावित हुई. शाम 6 बजे ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू हो सका. प्रयागराज-जौनपुर रेल खंड पर थरवई और सरायचंडी रेलवे स्टेशन के बीच गेट नंबर आठ-सी पर पेड़ अप और डाउन दोनों रेल लाइनों पर गिर गया, जिसके कारण इस व्यस्त रूट पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से ठप हो गया.



