जयपुर। मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ अजमेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तस्करी के आरोपी तरुण नाहरिया और उसके परिजनों के नाम पर खरीदे गए चार वाहनों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(2) के तहत फ्रीज करवाया है। इन वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है। सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, दिल्ली ने 9 नवंबर 2026 को इन्हें फ्रीज करने के आदेश जारी किए।
पुलिस की वित्तीय जांच में सामने आया कि आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी और सप्लाई से अर्जित कथित अवैध आय से अपने नाम के साथ-साथ पत्नी और मां के नाम पर भी वाहन खरीदे थे।
31.46 ग्राम एमडी के साथ हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को रामगंज थाना पुलिस ने तरुण नाहरिया (31) निवासी सांसी बस्ती, भगवानगंज, अजमेर को 31.46 ग्राम एमडी मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।इसके बाद पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपी की संपत्तियों और उनके खरीद के स्रोतों की जांच शुरू की। वित्तीय अनुसंधान में आरोपी के नाम पर दो, उसकी पत्नी नेहा के नाम पर एक और मां दुर्गा देवी के नाम पर एक वाहन खरीदा जाना सामने आया।
आरोपी के नाम दो, पत्नी और मां के नाम एक-एक वाहन
पुलिस ने जांच में जुटाए गए दस्तावेजों के आधार पर सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, दिल्ली के समक्ष एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(2) के तहत संपत्ति फ्रीज करने का प्रस्ताव पेश किया। प्रस्ताव पर 9 नवंबर को आदेश जारी किए गए। फ्रीज किए गए वाहनों में तरुण नाहरिया के नाम की होंडा एनएक्स 200 मोटरसाइकिल और टोयोटा इनोवा 2.5V कार शामिल हैं। वहीं, उसकी पत्नी नेहा के नाम की टीवीएस जुपिटर 125 और मां दुर्गा देवी के नाम का एक टीवीएस वाहन भी फ्रीज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, इन चारों वाहनों की कुल कीमत करीब 32 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने के अभियान के तहत की गई है।



