जयपुर। राजस्थान सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। प्रदेश की कुल अक्षय ऊर्जा क्षमता बढ़कर 52.13 गीगावाट पहुंच गई है, जबकि सौर ऊर्जा क्षमता 46 गीगावाट हो चुकी है। पिछले 34 महीनों में प्रदेश में 29 गीगावाट अतिरिक्त अक्षय ऊर्जा क्षमता विकसित की गई है। यह जानकारी ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने दी। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि राजस्थान देश में सौर ऊर्जा क्षमता के मामले में पहले और कुल अक्षय ऊर्जा क्षमता में दूसरे स्थान पर है। प्रदेश में पीएम कुसुम योजना के तहत 5.74 गीगावाट क्षमता के 2,666 से अधिक सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इससे 3.90 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिल रहा है और किसान ऊर्जा उत्पादक भी बन रहे हैं।
28 जिलों में किसानों को दिन में बिजली
नागर ने बताया कि प्रदेश के 28 जिलों में किसानों को कृषि कार्यों के लिए दिन में दो ब्लॉक में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का लक्ष्य जून 2027 तक सभी जिलों में यह सुविधा शुरू करना है। दिन में बिजली आपूर्ति के लिए 1,489 मेगावाट रात्रिकालीन विद्युत भार को दिन में स्थानांतरित किया गया है। इससे महंगी बिजली खरीद पर सालाना करीब 1,246 करोड़ रुपये की बचत हो रही है।
राजस्थान ने 2,000 करोड़ की बिजली बेची
ऊर्जा मंत्री के अनुसार, सौर ऊर्जा उत्पादन बढ़ने से प्रदेश में दिन के समय बिजली सरप्लस की स्थिति बनी है। इस अतिरिक्त बिजली को बाजार में बेचकर राज्य ने इस वर्ष करीब 2,000 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। वहीं सुबह और शाम के पीक आवर्स में बिजली की मांग पूरी करने के लिए बैटरी एनर्जी स्टोरेज परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।
5 लाख परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़ने का लक्ष्य
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत राजस्थान में अब तक 3.71 लाख लोगों को रूफटॉप सोलर से जोड़ा जा चुका है। आगामी मार्च तक 5 लाख परिवारों को इस योजना का लाभ देने का लक्ष्य है। इसके अतिरिक्त 3 लाख पात्र उपभोक्ताओं को यूटिलिटी लैंड एग्रीगेशन मॉडल के तहत निःशुल्क रूफटॉप सोलर से जोड़ने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि प्रदेश में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए उत्पादन, भंडारण और प्रसारण तंत्र को मजबूत किया जा रहा है। रबी सीजन में बिजली की अधिकतम मांग 20 हजार मेगावाट से पार रहने की संभावना है, जिसके अनुरूप अतिरिक्त बिजली की व्यवस्था और नए ग्रिड सब स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं।



