Friday, November 13, 2026
HomeIndiaजेके लोन अस्पताल के ECG टेक्नीशियन ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में...

जेके लोन अस्पताल के ECG टेक्नीशियन ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में स्टाफ पर प्रताड़ना के आरोप

कोटा। राजस्थान के कोटा स्थित जेके लोन अस्पताल में कार्यरत ईसीजी टेक्नीशियन इंचार्ज सतीश कुमार चांदसी की शुक्रवार को मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, सतीश ने घर पर आत्महत्या की है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में लगातार ड्यूटी और कथित मानसिक प्रताड़ना के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। घटना के बाद परिजन शव लेकर जेके लोन अस्पताल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

सुसाइड नोट में अस्पताल स्टाफ पर प्रताड़ना के आरोप

परिजनों के मुताबिक, सतीश कुमार जेके लोन अस्पताल में ईसीजी टेक्नीशियन इंचार्ज के पद पर कार्यरत थे। आरोप है कि उनसे लगातार डे और नाइट शिफ्ट में ड्यूटी करवाई जा रही थी। परिजनों का दावा है कि वह पिछले 13 दिनों से लगातार ड्यूटी कर रहे थे और इस वजह से मानसिक तनाव में थे। परिजनों ने बताया कि सतीश ने एक नोट भी लिखा है, जिसमें नर्सिंग अधीक्षक और अस्पताल प्रशासन से जुड़े लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शव लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन, किया प्रदर्शन

घटना के बाद परिजन सतीश कुमार का शव लेकर जेके लोन अस्पताल पहुंचे। यहां शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा। सूचना मिलने पर जेके लोन अस्पताल चौकी और नयापुरा थाने से पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से समझाइश की और उनकी शिकायत के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। मृतक की पत्नी भी अस्पताल पहुंची। परिजनों ने मांग की कि सतीश की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए और परिवार को उचित मुआवजा मिले। मृतक की दो छोटी बेटियां हैं, जिनके भविष्य और पालन-पोषण को लेकर परिवार ने चिंता जताई है।

पुलिस बोली- शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई

मौके पर पहुंचे कोटा शहर के उप अधीक्षक द्वितीय राजेश टेलर ने बताया कि घटना रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र की महात्मा गांधी कॉलोनी में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबीएस अस्पताल लाया गया। उन्होंने कहा कि परिजनों से बातचीत की जा रही है। जिस तरह की शिकायत परिजन देंगे, उसी के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस परिजनों को पोस्टमार्टम के लिए तैयार करने में जुटी रही।

अस्पताल प्रशासन ने मांगी जांच रिपोर्ट

जेके लोन अस्पताल की अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सतीश कुमार ईसीजी टेक्नीशियन के इंचार्ज थे और उनके अधीन छह ईसीजी टेक्नीशियन काम करते थे। डॉ. शर्मा के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सतीश खुद ही अपने अधीन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाते थे। हालांकि, पूरे मामले में नर्सिंग अधीक्षक से रिपोर्ट मांगी गई है और जांच करवाई जा रही है। वहीं, नर्सिंग अधीक्षक मोहनलाल बैरवा ने कहा कि सतीश कुमार लंबे समय से डिप्रेशन में थे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी ड्यूटी लगाने की जिम्मेदारी नर्सिंग अधीक्षक की नहीं थी, क्योंकि वह खुद इंचार्ज थे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image