Friday, November 13, 2026
HomeLatest Newsमदन राठौड़ का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कांग्रेस को बताया लोकतंत्र की...

मदन राठौड़ का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कांग्रेस को बताया लोकतंत्र की हत्या का जिम्मेदार

जयपुर। राजस्थान में पंचायत चुनाव के बाद भाजपा की प्रस्तावित बाड़ेबंदी और प्रशिक्षण वर्ग को लेकर भाजपा-कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की ओर से भाजपा की बाड़ेबंदी को लोकतंत्र की हत्या बताए जाने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश में 25 बार लोकतंत्र का गला घोंटा है। ऐसे में उसे लोकतंत्र की हत्या के आरोप लगाने का नैतिक अधिकार नहीं है। शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान मदन राठौड़ ने कांग्रेस के इतिहास, पंचायत चुनाव में देरी, ईवीएम और विपक्ष की राजनीतिक रणनीति को लेकर कई सवाल उठाए।

‘कांग्रेस ने 25 बार लोकतंत्र का गला घोंटा’

मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस को लोकतंत्र की बात करने से पहले अपने इतिहास में झांकना चाहिए। आपातकाल के दौरान विपक्षी नेताओं को जेल में बंद किया गया और चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया गया। उनके मुताबिक, ये लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सबसे बड़ा प्रहार था। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधते हुए विधायकों की खरीद-फरोख्त और मंत्री पद दिए जाने के आरोप लगाए। राठौड़ ने कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि वे खुद लोकतांत्रिक मूल्यों का कितना पालन करते हैं।

पंचायत चुनाव में देरी पर भी कांग्रेस को दिया जवाब

पंचायत चुनाव में देरी को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस बार प्रदेश में सभी चुनाव एक साथ पूरे कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार के समय अलग-अलग चरणों में चुनाव हुए थे। उन सभी चुनावों में लगे समय को जोड़कर देखा जाए तो मौजूदा सरकार ने कम समय में चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई है। राठौड़ ने कहा कि अब चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजनीतिक दलों को अगले पांच साल तक विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए।

‘बाहुबल से सत्ता हथियाने की कोशिश लोकतंत्र नहीं’

मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर बाहुबल के आधार पर सत्ता हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि होता है और सभी राजनीतिक दलों को चुनी हुई सरकार का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के चुने हुए प्रधानमंत्री का अपमान करना भी लोकतंत्र का अपमान है। विदेश में जाकर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयानों पर भी कांग्रेस को जवाब देना चाहिए।

EVM को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने चुनाव में ईवीएम को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जाने वाले सवालों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जहां भाजपा चुनाव जीतती है, वहां कांग्रेस अपनी हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ देती है। कांग्रेस को जनता के जनादेश को स्वीकार करना चाहिए। राठौड़ ने तंज कसते हुए अशोक गहलोत, गोविंद सिंह डोटासरा और सोनिया गांधी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को स्पष्ट करना चाहिए कि वे देश के प्रधानमंत्री को अपना प्रधानमंत्री मानते हैं या नहीं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image