Friday, November 13, 2026
HomeRajasthanराजस्थान के 3,761 डायबिटीज मरीजों को मुफ्त इलाज, AI तकनीक से आंखों...

राजस्थान के 3,761 डायबिटीज मरीजों को मुफ्त इलाज, AI तकनीक से आंखों की जांच और किडनी स्क्रीनिंग भी

राजस्थान में टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों और मरीजों को बेहतर उपचार एवं नियमित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संचालित 'मिशन मधुहारी' महत्वपूर्ण पहल बनकर उभर रहा है।

जयपुर। राजस्थान में टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों और मरीजों को बेहतर उपचार एवं नियमित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संचालित ‘मिशन मधुहारी’ महत्वपूर्ण पहल बनकर उभर रहा है। प्रदेश के सभी 41 जिलों में संचालित इस मिशन से अब तक 3,761 मरीज जुड़ चुके हैं। इसके तहत मरीजों को निःशुल्क इंसुलिन, ग्लूकोमीटर, टेस्ट स्ट्रिप्स और नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विश्व मधुमेह दिवस (14 नवंबर) के अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने मिशन के तहत किए जा रहे प्रयासों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की है।

205 स्वास्थ्य संस्थानों को मिशन से जोड़ा
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग गायत्री राठौड़ के अनुसार, मिशन मधुहारी के तहत प्रदेश में 205 स्वास्थ्य संस्थान सूचीबद्ध किए गए हैं। इनमें से 138 संस्थानों में मरीजों का पंजीकरण किया जा रहा है। इनमें 65 जिला अस्पताल, 61 उप जिला अस्पताल, 7 सैटेलाइट अस्पताल और 5 मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। अब तक 2,153 मरीज कम से कम एक बार फॉलोअप ले चुके हैं।

92 प्रतिशत मरीजों को मिल रहा बेसल-बोलस इंसुलिन उपचार
मिशन के तहत मरीजों को इंसुलिन, ग्लूकोमीटर, टेस्ट स्ट्रिप्स, ब्लड शुगर मॉनिटरिंग लॉगबुक, इंसुलिन पेन और मासिक फॉलोअप की सुविधा मुफ्त दी जा रही है। विभाग के अनुसार, मिशन से जुड़ने के बाद 92 प्रतिशत मरीजों को बेसल-बोलस इंसुलिन उपचार उपलब्ध हो रहा है, जबकि पहले यह आंकड़ा महज 28 प्रतिशत था। यह उपचार टाइप-1 डायबिटीज के मरीजों में ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

AI तकनीक से आंखों की जांच, किडनी और पैरों की स्क्रीनिंग
मिशन में केवल ब्लड शुगर नियंत्रण ही नहीं, बल्कि डायबिटीज से होने वाली अन्य जटिलताओं की पहचान पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत ‘मधुनेत्र AI’ के माध्यम से अब तक 2,219 मरीजों की डायबिटिक रेटिनोपैथी स्क्रीनिंग की जा चुकी है। यह सुविधा प्रदेश के 10 स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध है। इसके अलावा ‘राज किडनी केयर’ के तहत मरीजों की किडनी संबंधी जांच की जा रही है। डायबिटिक फुट और न्यूरोपैथी की स्क्रीनिंग के जरिए बीमारी से जुड़ी संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

मधुरंग और मधुमन से मानसिक स्वास्थ्य पर भी फोकस
मिशन मधुहारी में मरीजों के मानसिक स्वास्थ्य और आपसी सहयोग को भी महत्व दिया गया है।

  • मधुरंग: करीब 1,000 लोगों को आपसी सहयोग और अनुभव साझा करने के नेटवर्क से जोड़ा गया है।
  • मधुमन: मरीजों के वेलबीइंग इंडेक्स का औसत स्कोर 78.9 दर्ज किया गया है।
  • मधुवाणी: 104 हेल्पलाइन के माध्यम से मरीजों को सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

स्कूलों और कॉलेजों में भी जागरूकता अभियान
‘सेहत की पाठशाला’ कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों में मोटापे की पहचान के लिए कमर की माप और बॉडी मास इंडेक्स (BMI) के आधार पर स्क्रीनिंग शुरू की गई है। यह गतिविधि अब प्रमुख निजी विद्यालयों में भी संचालित की जा रही है। इसके अलावा मिशन के तहत 205 सरकारी स्कूलों और 41 कॉलेजों को जोड़ा गया है, ताकि विद्यार्थियों में टाइप-1 डायबिटीज के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके और बीमारी की पहचान एवं उपचार को लेकर समझ विकसित हो।

समय पर जांच और नियमित उपचार पर जोर
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन में मिशन का उद्देश्य टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित प्रत्येक मरीज तक उपचार और नियमित स्वास्थ्य निगरानी की सुविधा पहुंचाना है। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर विभाग ने समय पर बीमारी की पहचान, नियमित जांच और निरंतर उपचार के महत्व पर जोर दिया है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image