Friday, November 13, 2026
HomeIndiaदिल्ली में भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 14...

दिल्ली में भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 14 से 27 नवंबर तक इन रास्तों पर रहेगा दबाव

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 14 नवंबर से शुरू होने जा रहे 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक जाम की आशंका जताई गई है। पुलिस ने लोगों को सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और अपनी यात्रा पहले से प्लान करने की सलाह दी है।

इन प्रमुख रास्तों पर लग सकता है जाम

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, मेले के दौरान मथुरा रोड, भैरों मार्ग, रिंग रोड, शेरशाह रोड, पुराना किला रोड, भगवान दास रोड और तिलक मार्ग पर यातायात प्रभावित हो सकता है। मेले में शामिल नहीं होने वाले लोगों को इन रास्तों से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

बिजनेस विजिटर्स के लिए एंट्री के नियम

व्यावसायिक आगंतुकों को 14 से 18 नवंबर तक सुबह 9:30 बजे से शाम 7:30 बजे के बीच गेट नंबर 3, 4, 6 और 10 से प्रवेश दिया जाएगा। मेले के टिकट ऑनलाइन और सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन को छोड़कर अन्य मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध होंगे।

कहां मिलेगी पार्किंग की सुविधा?

निजी वाहन से आने वाले लोगों के लिए ITPO बेसमेंट में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां भैरों मार्ग-रिंग रोड टनल के जरिए पहुंचा जा सकेगा। इसके अलावा भैरों मंदिर पार्किंग और भारत मंडपम बेसमेंट-2 में भी पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। बेसमेंट-2 तक प्रगति टनल और मथुरा रोड अंडरपास-4 के जरिए पहुंचा जा सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ITPO परिसर के अंदर वाहनों की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।

पैदल आने वालों के लिए अलग एंट्री और एग्जिट गेट

पैदल आने वाले दर्शकों के लिए गेट नंबर 1, 4, 6 और 10 से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। वहीं बाहर निकलने के लिए गेट नंबर 1, 4, 7, 9 और 10 निर्धारित किए गए हैं।

कैब और ऑटो के लिए बनाए गए 25 पिकअप पॉइंट

कैब और ऑटो से आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए भैरों मार्ग के दोनों ओर 25 पिकअप पॉइंट बनाए गए हैं। पुलिस ने लोगों से केवल निर्धारित स्थानों से ही कैब और ऑटो लेने की अपील की है। वाहन चालकों को भारत मंडपम और ITPO के निकास द्वारों के बाहर यात्रियों का इंतजार करने या उन्हें लेने के लिए वाहन खड़ा करने से मना किया गया है।

सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन से पहुंचना रहेगा सुविधाजनक

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को भारत मंडपम के सबसे नजदीकी सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। साथ ही ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और यात्रा से पहले रूट की जानकारी लेने की अपील की है। ट्रैफिक संबंधी सहायता के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image