Friday, November 13, 2026
HomeCrime Newsअजमेर में अवैध रूप से रह रहा बांग्लादेशी परिवार पकड़ा, जिले में...

अजमेर में अवैध रूप से रह रहा बांग्लादेशी परिवार पकड़ा, जिले में अब तक 66 दस्तयाब

अजमेर पुलिस ने दरगाह क्षेत्र से पांच सदस्यीय बांग्लादेशी मूल के परिवार को दस्तयाब किया। प्रारंभिक पूछताछ में 2007 में हिली बॉर्डर से भारत आने की बात सामने आई।

अजमेर। राजस्थान में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अजमेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दरगाह क्षेत्र से बांग्लादेशी मूल के एक पांच सदस्यीय परिवार को दस्तयाब किया है। इनमें 63 वर्षीय माजिद अली, उसकी 55 वर्षीय पत्नी फरजान खान और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। इस कार्रवाई के साथ अजमेर जिले में अब तक दस्तयाब किए गए बांग्लादेशी नागरिकों की संख्या 66 हो गई है।

2007 में हिली बॉर्डर से भारत आने की बात कबूली
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में परिवार के मुखिया माजिद अली ने बताया कि वर्ष 2007 में वह अपनी पत्नी के साथ पश्चिम बंगाल के हिली बॉर्डर से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। इसके बाद दोनों ट्रेन से दिल्ली पहुंचे और करीब दो साल तक वहां रहे। पूछताछ के अनुसार, वर्ष 2009-10 में यह परिवार अजमेर आया और दरगाह शरीफ क्षेत्र में रहने लगा। माजिद अली ने अपना मूल निवास ढाका, बांग्लादेश के जोहरी मोहल्ला मोहम्मदपु बताया है।

दरगाह क्षेत्र में कई स्थानों पर चलाया तलाशी अभियान
अजमेर पुलिस और सीआईडी जोन की संयुक्त टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी संसाधनों की मदद से परिवार की पहचान की। इसके बाद दरगाह बाजार, अंदरकोट, जालियान कब्रिस्तान, नई सड़क, तारागढ़ की पहाड़ी, सिलावट मोहल्ला, त्रिपोलिया गेट और लाखन कोटड़ी सहित कई इलाकों में जांच की गई। शुक्रवार, 13 नवंबर को दरगाह थाना पुलिस और सीआईडी की टीम ने परिवार को दस्तयाब कर थाने लाकर पूछताछ शुरू की।

अजमेर पुलिस की 28वीं कार्रवाई
राजस्थान पुलिस के महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और अजमेर रेंज के महानिरीक्षक डॉ. रवि के निर्देश पर अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और निष्कासन के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान के तहत यह अजमेर पुलिस की 28वीं कार्रवाई बताई गई है।

पहचान और दस्तावेजों की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, माजिद अली ने प्रारंभिक पूछताछ में बांग्लादेशी नागरिक होने और अवैध रूप से सीमा पार कर भारत आने की बात स्वीकार की है। परिवार के अन्य सदस्यों की पहचान, नागरिकता और दस्तावेजों से जुड़े तथ्यों की गहन जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में दरगाह वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा, दरगाह थानाधिकारी दिनेश जीवनानी और सीआईडी जोन अजमेर के निरीक्षक नरेंद्र कुमार शर्मा सहित पुलिस एवं सीआईडी के अन्य जवान शामिल रहे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image