जयपुर। पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों के बीच जयपुर में चुनाव ड्यूटी को लेकर लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने कार्रवाई की है। पोलिंग पार्टियों के ट्रेनिंग सेशन में बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले 18 कर्मचारियों को नियम 17 के तहत नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। वहीं, ट्रेनिंग कैंप में हाजिरी लगाने के बाद गायब हुए एक सहायक मतदान अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है।
पंचायत समिति जमवारामगढ़, आंधी, बस्सी और तूंगा में चुनाव प्रक्रिया के लिए शुक्रवार को पोलिंग पार्टियां रवाना की गई थीं। इससे पहले आयोजित ट्रेनिंग कैंप में कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही थी। इसी दौरान 18 कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले।
हाजिरी लगाकर फोन बंद कर गायब हुआ कर्मचारी
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक के अनुसार, पंचायत समिति आंधी के मतदान दल में सहायक मतदान अधिकारी के पद पर नियुक्त एक कर्मचारी ट्रेनिंग कैंप पहुंचा और रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बाद बिना सूचना दिए गायब हो गया। उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया था। टेंट में मौजूद अधिकारियों ने माइक से बार-बार कर्मचारी को बुलाया, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। इसे निर्वाचन कार्य में गंभीर लापरवाही मानते हुए कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया।
संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो हो सकती है एफआईआर
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि बिना सूचना ट्रेनिंग कैंप से अनुपस्थित रहे 18 अन्य कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण राजकीय कार्य में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों की सूची तैयार की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मुकदमा भी दर्ज कराया जा सकता है।



