नई दिल्ली में UGC के नए नियमों को लेकर प्रस्तावित ‘UGC रोलबैक सवर्ण महापंचायत’ को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह फैसला केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह की सवर्ण महापंचायत समिति के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया।
जेपी नड्डा के आवास पर हुई बैठक में सवर्ण महापंचायत समिति के संस्थापक और क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. शुभांशु सिंह राजपूत, आर.के. सिंह, एडवोकेट डॉ. संगीता सिंह और एडवोकेट हिमांशु शर्मा शामिल रहे।
बैठक में प्रतिनिधिमंडल की ओर से उठाए गए मुद्दों पर चर्चा हुई। नड्डा ने कहा कि सरकार इन मांगों पर न्यायसंगत विचार करेगी और आने वाले तीन सप्ताह में प्रतिनिधिमंडल के साथ दोबारा बैठक की जाएगी।
इसके बाद 20 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित महापंचायत को स्थगित करने का निर्णय राज शेखावत और उनके प्रतिनिधिमंडल ने लिया। प्रस्तावित महापंचायत का मुद्दा UGC Regulations 2026 और आरक्षण नीतियों को लेकर आपत्तियों से जुड़ा था।



