Indian Ships Drone Attack : वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे भारतीय जहाजों पर ड्रोन हमलों के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराते हुए इसे ‘‘पूरी तरह अस्वीकार्य’’ बताया। हालांकि, तेहरान ने इन आरोपों को खारिज करते हुए ‘‘निराधार’’ करार दिया। ओमान तट के पास इस सप्ताह भारतीय चालक दल वाले तीन जहाजों पर हुए हमलों में एक घटना में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई, जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया।
ईरान ने भारतीय जहाजों को बनाया निशाना : ट्रंप
ट्रंप ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में दावा किया, भारतीय जहाजों के होर्मुज जलडमरूमध्य से निकलते समय उन पर कल रात किया गया (ईरान का) ड्रोन हमला बिल्कुल अस्वीकार्य है। इसी पोस्ट में ट्रंप ने ईरान पर उस शांति समझौते की शर्तें मीडिया को लीक करने का भी आरोप लगाया, जिनका वार्ता में चर्चा किए जा रहे मुद्दों से कोई संबंध नहीं है। ईरान ने ट्रंप के आरोपों को सख्ती से खारिज कर दिया।
तेहरान ने आरोपों को बताया झूठा और निराधार
भारत में ईरानी दूतावास ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, होर्मुज जलडमरूमध्य में एक भारतीय जहाज को लेकर ईरान पर लगाया गया अमेरिकी राष्ट्रपति का आरोप पूरी तरह निराधार है। दूतावास ने कहा, यह जनता का ध्यान इस क्रूर तथ्य से भटकाने की कोशिश है कि अमेरिका ने एक सप्ताह से भी कम समय में तीन भारतीय जहाजों पर हमला किया है और तीन निर्दोष भारतीय नाविकों की जान ली है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब भारत ने ओमान तट के निकट भारतीय चालक दल वाले वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी हमलों के विरोध में नयी दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी को तलब किया है। भारत ने वाणिज्यिक जहाजों पर हुए इन हमलों को ‘‘बेहद चिंताजनक’’ बताया है और इस मुद्दे को अमेरिका के समक्ष सख्ती से उठाया है।



