Salman Khan Upcoming Movie : मुंबई। सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) की अपकमिंग फिल्म “मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस” को लेकर लंबे समय से सस्पेंस बना हुआ है। यह फिल्म पहले अप्रैल में रिलीज होने वाली थी, लेकिन कुछ तकनीकी और प्रोडक्शन से जुड़ी वजहों के चलते इसकी रिलीज टाल दी गई थी। अभी तक मेकर्स की तरफ से इसकी कोई आधिकारिक रिलीज डेट घोषित नहीं की गई है, जिससे फैंस की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। इसी बीच फिल्म से जुड़ी एक बड़ी अपडेट सामने आई है। हाल ही में सलमान खान ने फिल्म का रफ कट कुछ चुनिंदा फिल्ममेकर्स को दिखाया है। इसके लिए उन्होंने मुंबई में एक स्पेशल प्राइवेट स्क्रीनिंग आयोजित की, जिसमें दिग्गज निर्देशक सुभाष घई, साथ ही सूरज बड़जात्या, डेविड धवन और कबीर खान जैसे नामी फिल्मकार शामिल हुए।

सलमान खान ने दिखाया फिल्म का रफ कट
हाल ही में इस फिल्म का रफ कट मुंबई में एक स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान दिखाया गया, जहां कई बड़े फिल्ममेकर्स एक साथ नजर आए। इस मौके पर चित्रांगदा सिंह, फिल्म के डायरेक्टर अपूर्व लाखिया, रितेश देशमुख, सूरज बड़जात्या, रूमी जाफरी, डेविड धवन, कबीर खान और सिद्धार्थ रॉय कपूर समेत कई दिग्गज शामिल हुए। स्क्रीनिंग के बाद मशहूर फिल्मकार सुभाष घई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर एक ग्रुप फोटो शेयर की, जिसमें सभी मेहमान एक साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर में सभी के चेहरों पर मुस्कान और उत्साह साफ झलक रहा था, जो फिल्म को लेकर पॉजिटिव माहौल की ओर इशारा करता है।
सुभाष घई ने पोस्ट में लिखा कि “फूड स्क्वायर में अपने पसंदीदा डायरेक्टर्स को एक साथ देखना बेहद खास अनुभव रहा। वहां अपूर्व लाखिया की फिल्म मातृभूमि का रफ कट देखा गया, जिसमें सलमान खान मुख्य भूमिका में हैं।” उन्होंने आगे बताया कि यह फिल्म इंडो-चाइना सैनिकों की भावनात्मक कहानी पर आधारित है, जिसमें देशभक्ति और परिवार के रिश्तों को गहराई से दिखाया गया है।

आखिर क्यों टल रही सलमान की फिल्म ?
फिल्म निर्माता सुभाष घई की हालिया पोस्ट के बाद सलमान खान की अपकमिंग फिल्म “मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस” को लेकर सोशल मीडिया पर हलचल और तेज हो गई है। जहां इंडस्ट्री के दिग्गजों ने फिल्म के रफ कट को देखा, वहीं सलमान के फैंस भी लगातार इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई फैंस ने सुभाष घई से सीधे सवाल पूछते हुए फिल्म के अनुभव और उसकी वास्तविकता को लेकर उत्सुकता जताई है। उनकी टिप्पणियों में सलमान की नई फिल्म को लेकर एक साफ उम्मीद और उत्साह झलक रहा है।
खास बात यह है कि यह पहला मौका माना जा रहा है जब सलमान खान ने अपनी इस फिल्म को इंडस्ट्री के चुनिंदा फिल्ममेकर्स के सामने पेश किया है, जिससे फिल्म को लेकर चर्चा और भी बढ़ गई है। वहीं दूसरी ओर, यह फिल्म लगातार विवादों में भी घिरी हुई है। बताया जा रहा है कि “मातृभूमि” की कहानी साल 2020 में गलवान घाटी में भारत-चीन के बीच हुए तनाव और संघर्ष पर आधारित है। इसी संवेदनशील विषय की वजह से फिल्म को लेकर कई स्तरों पर जांच और मंजूरी की प्रक्रिया चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, थिएटर रिलीज से पहले फिल्म को डिफेंस मिनिस्ट्री से मंजूरी लेना जरूरी होगा। इसी कारण मेकर्स ने फिल्म में कई बदलाव किए हैं और कुछ दृश्यों को दोबारा शूट भी किया गया है, ताकि सभी जरूरी औपचारिकताओं को पूरा किया जा सके।



